Delhi-NCR Rain: दिल्ली-NCR में रातभर मूसलाधार बारिश से सड़कें बनी तालाब, जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक ठप; जानें आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

Weather: दिल्ली-NCR में रातभर हुई मूसलाधार बारिश से सड़कें तालाब बन गई हैं। नई दिल्ली स्टेशन, मुनिरका और गुरुग्राम के कई इलाकों में भारी जलभराव से लोगों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Delhi Rain
दिल्ली में बारिश | Image: ANI

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से जारी बारिश ने अब आफत का रूप ले लिया है। रुक-रुककर हो रही इस मानसूनी बारिश ने जहां एक तरफ उमस भरी गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ पूरे इलाके की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मूसलाधार बारिश का सिलसिला बुधवार (8 जुलाई) रातभर जारी रहा, जो गुरुवार सुबह भी थमा नहीं। इसके कारण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। सड़कें तालाब बन गई हैं। सुबह-सुबह दफ्तर या जरूरी काम से निकलने वाले लोग बीच रास्ते में ही फंस कर रह गए हैं।

मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में 'रेड' और कुछ इलाकों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसका साफ मतलब है कि आज भी दिनभर भारी बारिश से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

कई इलाकों में हुआ जलभराव

दिल्ली में लगातार हो रही बारिश की वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और मुनिरका जैसे इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस दौरान जहां दिन के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आई है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। तापमान के इस उतार-चढ़ाव के बीच राजधानी का न्यूनतम पारा 22 से 25 डिग्री और अधिकतम पारा 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रिकॉर्ड किया गया। 

दिल्ली CMO ने एक बयान जारी कर कहा कि दिल्ली की सभी प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेशानुसार सभी सरकारी एजेंसियां ​​अलर्ट पर हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया है। जल बोर्ड, सार्वजनिक परिवहन विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर मौजूद हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। दिल्ली सरकार जलभराव की समस्या से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

Advertisement

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी ऐसा ही हाल रहा। गाजियाबाद में भी लगातार हो रही बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया।

बारिश ने रोकी गुरुग्राम की रफ्तार

गुरुग्राम भी पिछले दो दिनों से भारी बारिश का सामना कर रहा है। यहां पिछले 33 घंटों में रिकॉर्ड 115 मिलीमीटर बारिश (मंगलवार को 83 मिमी और बुधवार को 32 मिमी) दर्ज की गई है। नालियों और ड्रेनेज की खराब व्यवस्था और पुरानी नालियों के जाम होने की वजह से दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड, पटौदी रोड, सेक्टर 31, 39, 10A, शीतला माता मंदिर रोड और उमंग भारद्वाज चौक जैसे इलाकों में सड़कें दरिया बन गईं और कारें पानी में फंसकर खराब हो गईं। हालात इतने खराब रहे कि बीती रात दफ्तर से घर लौट रहे लोग आधी रात तक सड़कों पर फंसे रहे। उन्हें घर पहुंचने में कई घंटे की देरी हुई। गुरुग्राम की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सलाह दी है।

Advertisement

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज गुरुवार (9 जुलाई) को राजधानी और आसपास के इलाकों में बादलों का डेरा रहेगा और पूरे दिन रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश का दौर चलता रहेगा। इस दौरान 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने, बिजली कड़कने और गरज-चमक की प्रबल संभावना है। बारिश के चलते आज दिन का अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

आने वाले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, हालांकि इसके बाद पारे में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस का उछाल आ सकता है।

यह भी पढे़ं: पुणे में बड़ा हादसा, मोशी इलाके में ढही इमारत; 15-16 लोग मलबे में दबे, NDRF-राहत टीम मौके पर मौजूद

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड