हर महीने मिलेंगे 2500-2500, दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का ऐलान; रेखा गुप्ता की कैबिनेट ने मंजूर किए 5100 करोड़ रुपये

Delhi News: सीएम रेखा गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना को लागू करने की इजाजत दे दी। दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने मिलेंगे।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Delhi Mahila Samriddhi Yojana Launch
दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का ऐलान | Image: X/File

Delhi Mahila Samriddhi Yojana: दिल्ली की महिलाओं से किया वादा भारतीय जनता पार्टी ने पूरा कर दिया है। महिला दिवस कार्यक्रम के दिन दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना को लागू करने की इजाजत दे दी। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का ऐलान किया। इस योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये मिलने वाले हैं।

जेपी नड्डा ने महिला समृद्धि योजना की घोषणा करते हुए कहा कि हम महिला समृद्धि योजना लाएंगे ये हमने बोला था और मैंने ही मैनिफेस्टो में कहा था कि हम 2500 रुपये देने का वादा पूरा करेंगे। आज यहां आने से पहले कैबिनेट में फैसला करके इस योजना के लिए 5100 करोड़ आवंटित किए गए हैं। नड्डा ने कहा कि हम सत्ता में आए हैं और नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना शुरू किया है। मैं महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई देना चाहता हूं और महिला समृद्धि योजना के लिए भी बधाई देना चाहता हूं। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कैबिनेट ने इसे जल्द ही लागू करने का फैसला किया है।

महिला समृद्धि योजना के लिए कमेटी बनी

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जेपी नड्डा के अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उनके मंत्री प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद और कपिल मिश्रा भी मौजूद थे। दिल्ली की गरीब महिलाओं को इस योजना का लाभ होगा। इसके लिए कमिटी का गठन किया गया है, जिसके सदस्य प्रवेश वर्मा और आशीष सूद रहेंगे। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी और उसके बाद 2500 रुपये बैंक खाते के जरिए महिलाओं को दिए जाएंगे।

महिला समृद्धि योजना पर CM रेखा गुप्ता का जवाब

इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'आज महिला दिवस अच्छा मौका है और इस महिला दिवस के मौके का सदुपयोग करते हुए हमने अपनी कैबिनेट की बैठक की, जिसमें सभी मंत्री रहे। दिल्ली चुनाव के अपने संकल्प पत्र में महिला समृद्धि योजना के तहत दिल्ली की गरीब बहनों को 2500 रुपये देने का वादा जो हमने किया था, उस पर हमने मुहर लगा दी है। दिल्ली सरकार के बजट में 5100 करोड़ रुपये का बजट का प्रावधान किया है, ताकि दिल्ली की गरीब बहनों को हम समृद्धि योजना का लाभ दे सकें।'

Advertisement

बीजेपी की महिला नेताओं ने किया फैसले का स्वागत

दिल्ली की बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत ने महिला समृद्धि योजना पर रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट को धन्यवाद दिया है। कमलजीत सहरावत ने कहा, 'आज मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी कैबिनेट का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने इस योजना को धरातल पर लाने का काम किया है। हमारे घोषणा पत्र में जो कहा गया था, वो सब होगा। ये सिर्फ शुरुआत है। दिल्ली को जनोपयोगी योजनाएं भी मिलेंगी और संरचना भी मिलेगी।'

दिल्ली में महिला समृद्धि योजना पर निलंबित बीजेपी नेता नूपुर शर्मा कहती हैं- 'रेखा गुप्ता को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। बीजेपी हमेशा अपने किए हुए वादे पूरे करती है। दिल्ली की बहनों को बहुत शुभकामनाएं। सबको महिला दिवस की शुभकामनाएं। महिला सशक्त करें, कर्मठ रहें। ये देश की आधी आबादी हैं।'

Advertisement

यह भी पढे़ं: पीएम मोदी बोले- मैं सबसे धनवान व्यक्ति; बताया अकाउंट में क्या-क्या है

Published By:
 Dalchand Kumar
पब्लिश्ड