अपडेटेड 2 March 2025 at 12:26 IST

Rekha Gupta: AAP सरकार जाते ही रेखा गुप्ता की नई शुरुआत, दिल्लीवासियों की सीधे CM के दरवाजे तक एंट्री

22 फरवरी से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने आवास पर लोगों से मिल रही हैं और ये सिलसिला लगातार जारी है। 2 मार्च को भी रेखा गुप्ता ने लोगों से मुलाकात की।

Follow : Google News Icon  
Delhi CM Rekha Gupta Meets and Greets People at Her Residence
आम लोगों से मुलाकात करती हुईं दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता. | Image: X

Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली में रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री बनी हैं तो एक नई परंपरा की शुरुआत दिखती है। दिल्ली में बदलाव और विकास की दिशा में ताबड़तोड़ फैसले के साथ जनता का सम्मान रेखा गुप्ता के लिए फिलहाल सर्वोपरि बना है। मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को शपथ ली और उसके ठीक दो दिन बाद ही उनके यहां आम लोगों और उनके समर्थकों का जुलूस दिखता है। इससे फिलहाल कहना गलत नहीं है कि दिल्लीवासियों की मुख्यमंत्री के घर तक सीधे एंट्री हो रही है।

रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद संभालवे के बाद से सार्वजनिक कार्यक्रमों का हिस्सा बन रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंसिंग के सहारे भी जनता का धन्यवाद किया जाता है। उसके अलावा भी रेखा गुप्ता ने एक नई परंपरा के तहत दिल्लीवासियों के लिए अपने दरवाजे खोले हैं। दिलचस्प ये है कि रेखा गुप्ता ने जिस जगह को लोगों से मिलने के लिए चुना है, वहां पूरा मंच राम नाम के साथ सजता है। 22 फरवरी से कई बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने घर पर लोगों से मुलाकात कर चुकी हैं और ये सिलसिला लगातार जारी है। 2 मार्च यानी रविवार को भी रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर लोगों से मुलाकात की।

लोगों से मुलाकात पर क्या बोलीं CM रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने और शुभकामनाएं देने के लिए आतुर दिखते हैं। उनके अंदर उमंग और जोश दिखता है तो साथ ही मुख्यमंत्री उनके प्यार और आभार को उसी तरह स्वीकार करती हैं। एक पोस्ट में रेखा गुप्ता लिखती हैं- ‘दिल्ली के परिवारजनों से मुलाकात न सिर्फ हृदय को अपार प्रसन्नता देती है, बल्कि जनसेवा के प्रति मेरे समर्पण और निष्ठा को और अधिक दृढ़ करती है। आपका स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है।’

रेखा गुप्ता ने मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास पर मुलाकात की। एक अलग कार्यक्रम में गुप्ता ने कहा, 'अगर हमें दिल्ली को सफल बनाना है, दिल्ली का विकास करना है तो हम सभी को अपने कंधों पर ये जिम्मेदारी लेनी होगी कि मेरा शहर, मेरी दिल्ली, मेरी वजह से गंदी या प्रदूषित न हो। अगर आप आज ये छोटा सा संकल्प लें कि आप सड़क पर कूड़ा नहीं फेंकेंगे तो मैं आपसे वादा करती हूं कि आपको वो दिल्ली मिलेगी जहां आप रहना चाहते हैं।'

Advertisement

यह भी पढ़ें: हरियाणा में सैनी की अग्नि-परीक्षा; 6 महीने का काम क्या दिला पाएगा जीत?

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 2 March 2025 at 12:26 IST