दिल्ली में रेखा गुप्ता के पति मनीष क्यों विवादों में? हमलावर है AAP, तस्वीरें शेयर कर कहा- सरकार को पति चला रहे
आम आदमी पार्टी ने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें कथित तौर पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता कुछ लोगों के साथ मीटिंग कर रहे थे।
- भारत
- 4 min read

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक ऐसे विवाद में फंस गई हैं, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी हमलावर है। विवाद सीएम रेखा गुप्ता के पति को लेकर शुरू हुआ है। आम आदमी पार्टी ने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें कथित तौर पर रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता कुछ लोगों के साथ मीटिंग कर रहे थे। आम आदमी पार्टी कह रही है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता ने कुछ सरकारी अधिकारियों की मीटिंग ली। इसके बाद आम आदमी पार्टी का आरोप है कि दिल्ली में रेखा गुप्ता नहीं उनके पति सरकार चला रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक 'X' हैंडल से तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वो कुछ लोगों के साथ बैठे हुए हैं। AAP ने 'X' पर लिखा- 'पहले के समय में सुनने में आता था कि किसी गांव की महिला प्रधान या सरपंच का काम उसका पति, भाई या बेटा देख रहा है। महिला केवल नाम की सरपंच हुए करती थी और सारा काम उसके घर से पुरुष देखते थे। अब वो दौर खत्म हो चुका है लेकिन दिल्ली में BJP सरकार सभी पुराने दौर वापस ला रही है। ये जो व्यक्ति MCD, DJB, PWD और DUSIB के अधिकारियों की मीटिंग ले रहा है, ये दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता हैं। ये बेहद ही खतरनाक, चिंतनीय और शर्मनाक है। दिल्ली की जनता ने अपना मुख्यमंत्री चुना है ना कि कोई मुख्यमंत्री पति।'
आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता का इस्तीफा मांगा
एक दूसरे पोस्ट में आम आदमी पार्टी ने इस घटनाक्रम को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का इस्तीफा मांगा है। AAP ने कहा कि रेखा गुप्ता के पति अधिकारियों की मीटिंग ले रहे हैं। सरकार चलाना नहीं आता है तो रेखा गुप्ता इस्तीफा दें।'
दिल्ली में AAP ने भी चलाई थी गजब की सरकार
वैसे दरकिनार नहीं किया जा सकता है कि आम आदमी पार्टी अपने कार्यक्रम में कई ऐसे रिकॉर्ड बना चुकी है, जो भारत के इतिहास में शायद कभी नहीं देखे गए। वो रिकॉर्ड जेल से सरकार चलाने का है। अरविंद केजरीवाल जब तथाकथित शराब घोटाला केस में गिरफ्तार हुए थे तो कई महीनों तक जेल में रहने पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ा था। लगभग 177 दिन केजरीवाल जेल में रहे और वहीं से सरकार चलाई। इसे अंसवैधानिक कहना अलग बात होगी, लेकिन अपने आप में एक ये नया ही रिकॉर्ड था।
Advertisement
उसके अलावा भी जब जेल से बाहर आने पर अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद छोड़ा तो आतिशी को कु्र्सी सौंपी गई थी। हालांकि गजब की बात यहां भी हुई। आतिशी ने मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार तो संभाल लिया, लेकिन भारत में शायद पहली बार ही हुआ कि एक मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में अपने नेता के लिए उस कुर्सी को खाली रखा, जबकि अपने लिए अलग से कुर्सी लगाई थी। बाद में यहां तक चर्चाएं रहीं कि दिल्ली में आतिशी नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे से केजरीवाल ने ही सरकार चलाई। अभी आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर और 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार है। बहरहाल, आम आदमी पार्टी के सवालों से रेखा गुप्ता के पति जरूरत विवादों में आ गए हैं।