अपडेटेड 5 April 2024 at 16:28 IST
Delhi: अपने वकील से हफ्ते में 5 बार मिलना चाहते हैं CM केजरीवाल, कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
Delhi News: दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने हफ्ते में 2 से 5 बार अपने वकील से मिलने की इच्छा जताई है।
- भारत
- 2 min read

Delhi News: दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने हफ्ते में 2 से 5 बार अपने वकील से मिलने की इच्छा जताई है। इसके लिए उन्होंने दिल्ली कोर्ट में एक याचिका भी दायर की थी। इस मामले में दिल्ली कोर्ट ने आदेश को सुरक्षित रखा है। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने मामले पर आदेश पारित करने के लिए 9 अप्रैल की तारीख तय की है।
इससे पहले आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को बुधवार को अदालत से जमानत मिल गई थी। जेल से बाहर आने के तुरंत बाद उन्होंने सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की और पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था।
'AAP को एकजुट रख सकती हैं सुनीता'
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी को एकजुट रखने के लिए सबसे बेहतर व्यक्ति हैं और उनकी मौजूदगी का कार्यकर्ताओं पर ‘‘सकारात्मक प्रभाव’’ पड़ा है।
दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री भारद्वाज ने यहां समाचार एजेंसी के मुख्यालय में ‘पीटीआई’ संपादकों के साथ बातचीत में कहा कि सुनीता केजरीवाल ने हमेशा कहा है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री की ‘‘मैसेंजर (संदेशवाहक)’’ हैं।
Advertisement
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। केजरीवाल 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं। वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।
भारद्वाज ने कहा कि किसी पार्टी की राजनीति सिर्फ उसके घोषणापत्र के इर्द-गिर्द नहीं घूमती है, बल्कि समर्थन आधार और कार्यकर्ताओं तथा शीर्ष नेतृत्व के बीच भावनात्मक संबंध भी किसी संगठन को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सुनीता केजरीवाल की मौजूदगी का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।’’
Advertisement
भारद्वाज ने कहा, ‘‘वह अरविंद केजरीवाल जी का संदेश पहुंचा रही हैं। इसका हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ा है। हम इसका प्रचार-प्रसार करना चाहते हैं। मौजूदा परिस्थितियों में पार्टी को एकजुट रखने के लिए वह सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।’’
(इनपुटः PTI भाषा के साथ रिपब्लिक भारत)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 5 April 2024 at 15:34 IST