Delhi Biker Death: 'दिल्ली के गड्ढे भरने में 2 टर्म...', जनकपुरी में हुई युवक की मौत पर मनोज तिवारी का बयान, जानें क्या कहा
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की सत्ता में भाजपा को आए सिर्फ एक साल ही हुआ है। इतने गड्ढे हैं कि इसे सुधारने में कम से कम 2 10 साल लग जाएंगे।
- भारत
- 3 min read

Manoj Tiwari: दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के खोदे गए गड्ढे में बाइक सवार युवक कमल की गिरकर हुई मौत ने दिल्ली की सियासत गरमा दी है। मामले में राजनीतिक बयानबाजी जारी है। हादसे को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी बीच तीखी टकराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है। अब बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस इतने गड्ढे करके गए हैं कि उन्हें भरने में 10 साल लग सकते हैं।
मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की सत्ता में भाजपा को आए सिर्फ एक साल ही हुआ है। इस दौरान उन्होंने पूर्व सरकारों पर भी ठीकरा फोड़ा। अब उनके बयान की आलोचना हो रही है।
सुधारने में 10 साल लग जाएंगे-मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने एजेंसी से कहा, 'घटना बहुत ही दुखद है। लेकिन आम आदमी पार्टी अपने 10 साल में ऐसे-ऐसे हजारों गड्ढे छोड़कर गई है। भाजपा की सरकार को आए तो अभी साल भर ही हुआ है। 15 साल कांग्रेस और 10 साल आम आदमी पार्टी इन सबने इतने गड्ढे किए कि इसको सुधारने में हमें कम से कम 2 टर्म (10 साल) लग जाएंगे।'
'दिल्ली को ठीक करने की कोशिश जारी'
उन्होंने आगे कहा, 'घटना बहुत ही दुखद है। मैं उस पर शोक व्यक्त करता हूं। हम लगातार कोशिश कर रहे हैं कि दिल्ली को ठीक किया जाए।'
Advertisement
सौरभ भारद्वाज ने लगाए आरोप
इससे एक दिन पहले आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने उस वक्त हिरासत में ले लिया जब वो पार्टी के नेताओं के साथ मृतक के घर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था पर किसी का ध्यान नहीं है। बल्कि जो आवाज उठाते हैं उनकी आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा और कोई काम नहीं हो रहा। हम आवाज उठाते रहेंगे।
मामले में फरार चल रहा दूसरा आरोपी गिरफ्तार
कमल की मौत मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे फिरोजाबाद से दबोचा गया है। इससे पहले सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने राजेश को अदालत में पेश कर एक दिन के लिए रिमांड पर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा खबरें हैं कि पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएट भी कराया जा सकता है। वहीं दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।