दंगल गर्ल बबीता फोगाट दूसरी बार बनी मां, बेटी को दिया जन्म; शिवरात्रि पर शेयर की न्यूबॉर्न बेबी की पहली फोटो
दंगल गर्ल के नाम से मशहूर अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट के जीवन में एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। बबीता फोगाट दूसरी बार मां बन गई हैं। इस बार उनके घर एक नन्हीं बेटी का जन्म हुआ है, जिससे उनका परिवार और फैंस बेहद उत्साहित हैं।
- भारत
- 2 min read

'दंगल गर्ल' के नाम से दुनिया भर में मशहूर अंतरराष्ट्रीय पहलवान और भाजपा नेता बबीता फोगाट के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बबीता ने एक नन्ही बेटी को जन्म दिया है। उनके परिवार में यह दूसरी संतान का आगमन है; इससे पहले जनवरी 2021 में उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया था।
सोशल मीडिया पर साझा की भावुक पोस्ट
बबीता फोगाट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पति विवेक सुहाग और नवजात बच्ची के साथ खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए इस खुशखबरी को प्रशंसकों के साथ बांटा। महादेव का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा, ‘महादेव की कृपा देखिए, आज शिवरात्रि के इस पवित्र दिन पर मेरे जीवन में एक नन्ही परी पार्वती स्वरूप बेटी का आगमन हुआ है। मेरी बेटी के रूप में मिली यह खुशी मेरे और मेरे परिवार के लिए अनमोल आशीर्वाद है। यह अहसास और खुशियां शब्दों से परे हैं। आप सभी के स्नेह और आशीर्वाद की आकांक्षा है।'
2019 में हुई थी विवेक सुहाग से शादी
कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता बबीता फोगाट ने साल 2019 में पहलवान विवेक सुहाग के साथ सात फेरे लिए थे। बबीता के संघर्ष और सफलता की कहानी पर बनी बॉलीवुड फिल्म 'दंगल' ने उन्हें देश के घर-घर में पहचान दिलाई। खेल के मैदान में भारत का मान बढ़ाने के बाद, वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़कर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
शिवरात्रि के शुभ अवसर पर नन्ही परी के आगमन से पूरे फोगाट और सुहाग परिवार में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर खेल, राजनीति और सिनेमा जगत की हस्तियों के साथ-साथ उनके प्रशंसक भी इस दंपत्ति को ढेरों बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं।