ओडिशा की ओर तेजी से बढ़ रहा चक्रवात 'अकवान', कई राज्यों में भारी खतरे की संभावना, IMD ने जारी किया लिए अलर्ट; जानें लैंडफॉल को लेकर ताजा अपडेट
गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ओडिशा की तट की ओर से तेजी आगे बढ़ रहा है। सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। IMD ने 11 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- भारत
- 3 min read

बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने पिछले छह घंटों में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर रुख किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 19 नवंबर 2026 को सुबह 5:30 बजे यह 14.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.3 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास स्थित था। तूफान के ओडिशा तट की ओर बढ़ने से राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस बीच तूफान के लैंडफॉल को लेकर ताजा अपडेट सामने आई है।
भारतीय मौसम विभाग ने 11 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मछुआरों को समुद्र की ओर नहीं जानें को कहा गया है।
कब होगा अकवान का लैंडफॉल
ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने चक्रवात 'अकवान' पर कहा, "IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात कल दोपहर तक तट से टकराएगा। इसके ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर के आसपास पहुंचने की प्रबल संभावना है। बताया जा रहा है कि हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
ओडिशा के इन जिलों में भारी बारिश का खतरा
गंजाम, गजपति, कंधमाल, पुरी, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा, इन जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। अब तक हमने इन संभावित प्रभावित जिलों से लगभग 72,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। लोगों को सुरक्षित निकालने का काम अभी भी जारी है। हमने 7900 शेल्टर चिह्नित किए हैं, जहां इन लोगों को रखा जाएगा।"
Advertisement
21 नवंबर तक सभी स्कूल बंद
सरकार ने संभावित प्रभावित छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला किया है। प्रशासन सतर्क है और लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बंगाल के तटीय इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन राज्यों में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है।