Bihar: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला सीवान, रोड रेज में बीजेपी के पूर्व MLC के रिश्तेदारों पर फायरिंग, भांजे की मौत; बहनोई गंभीर
बिहार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बदमाशों ने बीजेपी के पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर गोलियां बरसा दीं, जिसमें उनके भांजे की जान चली गई।
- भारत
- 2 min read

Bihar: बिहार के सीवान जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। बदमाशों ने बीजेपी के पूर्व एमएलसी और वरिष्ठ नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस घटना में मनोज सिंह के भांजे की मौत हो गई। वहीं उनके बहनोई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सीवान के ढाला इलाके की है। बुधवार की शाम बीजेपी नेता मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और भांजे हर्ष सड़क किनारे कार खड़ी कर किसी की राह ताक रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार चंदन सिंह की कार को छूकर निकली। इसके चलते उनकी कार पर स्क्रैच पड़ गया। इसी बात पर चंदन सिंह और कार चालक के बीच बहसबाजी हुई।
खूनखराबे तक पहुंची कहासुनी
देखते ही देखते दोनों के बीच की बहस इतनी बढ़ गई कि बात खूनखराबे तक जा पहुंची। कुछ ही देर में कार में सवार लोगों ने चंदन सिंह और उनके बेटे पर बंदूक तान दी। इसके बाद उन्होंने दनादन गोलियां चलाईं, जिससे खून से सने पिता और बेटे जमीन पर गिर पड़े। कत्ल करने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
डॉक्टरों ने हर्ष को मृत किया घोषित
पिता और बेटे को सड़क पर लहूलुहान देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बारे में लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया।
Advertisement
पुलिस ने अपराधी को दबोचा
वहीं गंभीर रूप से घायल चंदन सिंह का इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के कुछ घंटों बाद ही सम्राट सरकार की पुलिस काल बनकर टूकी और अपराधी को दबोच लिया। अपराधी का नाम छोटू कुमार यादव बताया जा रहा है। मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद इलाज के लिए उसे पटना रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें: MP: धार में दर्दनाक सड़क हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ा, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 16; PM ने किया मुआवजे का ऐलान