बाली ट्रिप, पासपोर्ट चोरी और फिर मर्डर... केतन के पिता का सिया पर चौंकाने वाला खुलासा, सांप वाली 'साजिश' भी बताई

पुणे के लोहगढ़ किला में 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मौत का आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी पर लगा है। अब केतन के पिता ने कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Ketan Agarwal Murder
Ketan Agarwal Murder | Image: x

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के लोहगढ़ किले में केतन विशाल अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। उनकी हत्या का आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर लगा है। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मृतक के माता-पिता ने सिया गोयल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर सिया उनके बेटे के साथ शादी के लिए राजी नहीं थीं, तो मना कर देते। बेटे की जान क्यों ली?

केतन के पिता ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'केतन और सिया की लगभग 5 महीने (फरवरी) पहले सगाई हुई थी। दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थी। इसी बीच 6 जून को चार लोगों बाली घूमने जाने वाले थे। लेकिन उनमें से केतन का ही पासपोर्ट चोरी हो गया और फिर वो ट्रिप पर जा नहीं सका और वापस लौट आया। हमें यह समझ नहीं आया कि बैग में बाकी सब सुरक्षित था, सिर्फ केतन का ही पासपोर्ट कैसे चोरी हो सकता है?'

केतन के पिता ने बताई सिया की सांप वाली साजिश!

उन्होंने आगे कहा, 'अब ऐसा लगता है कि उस समय हमने उस घटना को बहुत ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। बाली की ट्रिप कैंसिल होने के बाद दोनों पहले भी लोहगढ़ किला गए थे। उस वक्त भी सिया ने बेटे को धक्का दिया था, लेकिन वो पेड़ का सहारा लेकर किसी तरह बच गया। बाद में सिया ने सांप आने का बहाना बनाया। तब केतन ने सोचा भी नहीं था कि सिया ने उसे मारने की साजिश के तहत जबरदस्ती धक्का दिया था।'

सिया ने दूसरी बार लोहगढ़ जाने की जिद की

इसके बाद सिया ने दोबारा लोहगढ़ जाने की जिद की। केतन ने लोहगढ़ की दोबारा ट्रिप के लिए हमें और सिया के परिवार को मनाया। अब पुलिस जांच में पता चला है कि चेतन चौधरी टू व्हीलर से लोहगढ़ पहुंचा। वो सिया और केतन की साथ ही किले पर गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उस पर किसी वस्तु से वार किया और फिर उसे किले की ऊंचाई से नीचे धकेल दिया। बेटे को धक्का देने के बाद चेतन वहां से गायब हो गया और सिया ने वहां शोरगुल किया। 

Advertisement

पुलिस जल्द मामले की तह तक पहुंची- केतन के पिता

मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने आगे बताया कि केतन के किले से गिरने की सूचना सिया की मां से मिली। इतना सुनते ही हम तुरंत किला पहुंचे, जहां पुलिस तेजी से काम कर रही थी। हालांकि, डॉक्टर ने चेकअप के बाद बेटे को मृत घोषित कर दिया। लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से हमारा शक बढ़ता ही जा रहा था।

केतन के पिता ने सराहना करते हुए कहा कि पुलिस बहुत जल्द ही मामले की तह तक पहुंच गई। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके मुताबिक, चेतन को एक रात पहले और सिया को अगले दिन सुबह गिरफ्तार किया।

Advertisement

‘केतन को मारने की पहले से तैयारी…’

उन्होंने आगे भावुक होते हुए कहा, 'केतन को मारने की उनकी पहले से तैयारी थी या नहीं, यह तो हमें भी नहीं पता। ये हमारे लिए बहुत ही शॉकिंग है। लेकिन अगर सिया को शादी नहीं करनी थी तो वह हमें या अपने माता-पिता को साफ इनकार कर देती। या जिस लड़के के साथ उसका अफेयर है उसके साथ तस्वीर भेज देती तो भी हम शादी कैंसिल कर देते। इन लोगों ने मेरे बेटे को मारने जैसा कदम उठाने का सोचा भी क्यों? इनकी इतनी क्रूर मानसिकता है कि 26 साल के लड़के को थोड़ी सी अय्याशी के लिए मार दिया जाए? 20 साल की लड़की में किसी की हत्या करने की सोच आना और करना कहां तक मुमकिन है?' उन्होंने सिया के माता-पिता के संस्कारों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि समाज को भी ऐसी मानसिकता पर गंभीर विचार करना चाहिए।

केतन के पिता ने सरकार से मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की मांग की है। उन्होंने बेटे के 'कातिलों' को भी जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

कलेजे के टुकड़े को खोने पर क्या बोलीं मां?

कलेजे के टुकड़े को खोने के बाद से केतन की मां का बुरा हाल है। उनके आंसू नहीं थम रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। साथ ही बेटे की हत्या के लिए सिया और उसके कथित प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि सिया ने परिवार से लगातार झूठ कहा और उनके साथ विश्वासघात किया।

आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग

केतन की मां ने कहा कि उन्हें सिया को देखकर कभी ऐसा नहीं लगा कि वो इतनी क्रूर और घातक हो सकती है। वो सिया और उसके परिवार से कई बार मिली, साथ में खरीदारी की और डिनर पर भी गईं। लेकिन जिसे हम बहू बनाने जा रहे हैं वो हमारे बेटे की मौत की जिम्मेदारी होगी इसकी तो हमने कल्पना तक नहीं की थी। इस दौरान उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कबूला गुनाह- SP

पुणे ग्रामीण पुलिस के SP संदीप सिंह गिल ने बताया, '18 जून 2026 को सगाई कर चुके सिया गोयल और केतन अग्रवाल लोहगढ़ किला घूमने गए। सिया गोयल ने फोन करके बताया कि केतन अग्रवाल किले से फिसलकर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में रिश्तेदारों और दोस्तों से मिली जानकारी और पूछताछ से शक पैदा हुआ; ऐसा हादसा अचानक हो जाना मुमकिन नहीं लग रहा था, खासकर इसलिए क्योंकि केतन एक अनुभवी ट्रेकर थे। परिवार ने शक जताया और इन्हीं शक के आधार पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई।'

एसपी ने आगे कहा, ‘गुप्त सूत्रों, गवाहों के बयानों और तकनीकी सबूतों से पता चला कि सिया गोयल का चेतन चौधरी नाम का एक दोस्त था। वे दोनों लगभग एक साल से एक-दूसरे को जानते थे। उन्होंने इस योजना को अंजाम देने की साजिश रची। लोहगढ़ किले में उन्होंने केतन अग्रवाल को धक्का दे दिया, जिससे गिरकर उनकी मौत हो गई। इसके बाद लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन ने उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों को हिरासत में ले लिया गया है; पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और आगे की जांच चल रही है।’

यह भी पढ़ें: Delhi: महरौली में बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली, कस्टडी से भागने की कर रहा था कोशिश

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड