हैवानियत की इंतहा! बेल्ट से बेरहमी से पीटकर पत्नी की हत्या, अंतिम संस्कार से ठीक पहले खुला पति का खौफनाक राज
शुरुआत में नेपाली महिला की मौत को स्वाभाविक माना गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। हालांकि, पुलिस को मिली सूचना के बाद मामले की दोबारा जांच कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरे मामले का राज खुला जो वाकई रोंगटे खड़े कर देने वाला था।
- भारत
- 2 min read

Crime: गुजरात के कच्छ से एक रोंगटे खड़ी कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स पर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। शातिर आरोपी ने पुलिस और समाज की आंखों में धूल झोंकने की पूरी कोशिश की। उसने इस हत्याकांड को स्वाभाविक मौत का रूप देने का ड्रामा रच डाला। इतनी चालाकी के बावजूद वह कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सका।
जानकारी के मुताबिक, 17 जुलाई को गांधीधाम के भरतनगर स्थित घर में नेपाली महिला सोनम सुनार की मौत को पहले सामान्य माना गया था। इतना ही नहीं, अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। हालांकि, पुलिस को मिली सूचना के बाद मामले की दोबारा जांच कराई गई। शुरुआती तौर पर स्वाभाविक मानी जा रही यह मौत फोरेंसिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक सोची-समझी हत्या की साजिश निकली।
अंतिम संस्कार से पहले पुलिस को हुआ शक
बताया जा रहा है कि जब अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थी, तब गांधीधाम सिटी ए-डिविजन पुलिस को कुछ ऐसी जानकारी मिली जिससे उसकी मौत के हालात पर शक पैदा हुआ। इसके बाद पुलिस की शक की सुई मृतक महिला के पति पर भी जा अटकी। इसके बाद महिला का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चौंकाने वाली बात सामने आई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सोनम की मौत उसके शरीर पर लगी कई गंभीर चोटों के कारण हुआ है। जांच में सामने आया कि 33 साल की सोनम को कथिततौर पर मेटल बकल वाले बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया था, जिससे उसकी जान चली गई। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए कार्रवाई शुरू की।
Advertisement
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
गांधीधाम सिटी ए-डिवीजन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का केस दर्ज करते हुए मृतका के 35 वर्षीय पति सुल्तान सुमरा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक, सोनम 2011 से सुल्तान के साथ रह रही थी। वहीं, मृतका के भाई का कहना है कि पिछले चार सालों से उसका अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपी से पूछताछ कर मामले की हर कड़ी को खंगालने की कोशिश की जा रही है।
Advertisement
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की हर कड़ी को खंगालने में जुटी हुई है।