अपडेटेड 2 August 2025 at 23:28 IST
पुरी की वो बेटी, जो लड़ती रही, लेकिन हार गई... दरिंदगी का शिकार हुई 15 साल की लड़की ने AIIMS दिल्ली में तोड़ा दम
ओडिशा के पुरी जिले में 19 जुलाई को दरिंदगी की शिकार हुई 15 साल की लड़की ने कई दिन मौत से लड़ते हुए शनिवार को एम्स दिल्ली में दम तोड़ दिया।
- भारत
- 2 min read

ओडिशा के पुरी जिले में 19 जुलाई को दरिंदगी की शिकार हुई 15 साल की लड़की ने कई दिन मौत से लड़ते हुए शनिवार को एम्स दिल्ली में दम तोड़ दिया।
पीड़िता 75% से ज्यादा जल चुकी थी। पहले एम्स भुवनेश्वर में भर्ती हुई, फिर एयर एम्बुलेंस से दिल्ली लाई गई। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद वो नहीं बच सकी।
19 जुलाई को क्या हुआ था?
बताया जा रहा है कि पीड़िता अपने एक दोस्त से मिलकर लौट रही थी। रास्ते में तीन लड़कों ने उसे अगवा कर लिया। पुरी की भार्गवी नदी के पास सुनसान जगह पर ले जाकर उस पर कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंका और उसे आग लगा दी। लड़की किसी तरह पास के एक घर तक पहुंची और मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने फौरन अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक थी, इसलिए अगले दिन दिल्ली भेजा गया।
दिल्ली एम्स की आखिरी कोशिश
पीड़िता 20 जुलाई को दिल्ली एम्स के बर्न ICU में भर्ती की गई। त्वचा की ग्राफ्टिंग हुई और फिर ऑक्सीजन पर रखी गई। कुछ दिनों तक होश में रही। डॉक्टरों ने बताया था कि उसे सब कुछ समझ आ रहा है, लेकिन शनिवार को शाम 4:20 पर उसकी हालत अचानक बिगड़ी और कुछ घंटों में मौत हो गई।
Advertisement
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने X पर एक पोस्ट के जरिए दुख जताया है। उन्होंने कहा, "मैं बालांग क्षेत्र की लड़की की मौत की खबर सुनकर बहुत स्तब्ध हूं। सरकार के सभी प्रयासों और AIIMS दिल्ली में विशेषज्ञ मेडिकल टीम के चौबीसों घंटे प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मैं लड़की की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह उसके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
उपमुख्यमंत्री प्रवति परिदा ने भी पीड़िता की मौत पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि पीड़िता का दिल्ली AIIMS में इलाज चल रहा था, लेकिन दुर्भाग्य से उसकी मौत हो गई। उन्होंने लड़की की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Advertisement
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 2 August 2025 at 23:28 IST