इंटरनेट पर सर्च किया जहरीला सांप, फिर मंगाने के लिए सपेरे को एडवांस में दिए पैसे... अतुल की हत्या कराने के लिए इतना क्रूर कैसे हो गई दामिनी?
Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को सांप के हवाले कर दिया। अब इस घटना से जुड़े नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
- भारत
- 3 min read

Wife Searched Poisonous Snake On Internet To Kill Husband News: मेरठ के अतुल हत्याकांड में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं। लव मैरिज से शुरू हुई यह कहानी एक ऐसे खौफनाक मर्डर पर जाकर खत्म हुई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। एक पत्नी दामिनी अपने पति से छुटकारा पाने के लिए इस कदर अंधी हो गई कि उसने इंटरनेट पर सर्च करके सबसे जहरीला सांप मंगवाया और पति को मौत की नींद सुला दिया। तो चलिए जानते हैं इस पूरी खौफनाक साजिश की कहानी।
प्यार, टैटू और फिर नफरत
साल 2019 में अतुल और दामिनी ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाकर लव मैरिज की थी। दोनों का प्यार इस कदर गहरा था कि दामिनी ने अपने हाथ पर "अतुल की गुजरी" नाम का टैटू भी गुदवाया था। पिछले कुछ महीनों से दोनों हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहकर एक स्कूल चला रहे थे।
लेकिन, समय के साथ इस रिश्ते में दरार आ गई। पुलिस पूछताछ में दामिनी ने बताया कि अतुल ने उसकी जिंदगी नर्क बना दी थी और वह किसी भी कीमत पर उससे छुटकारा पाना चाहती थी।
कैसे हुई प्रेमी की एंट्री?
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तनाव के दौरान ही तुषार नाम के शख्स का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ। तुषार दिन में तीन-तीन बार घर आता था और अपनी वैन से दामिनी को स्कूल ले जाने का काम भी करता था। इसी सफर के दौरान दामिनी और तुषार के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों का प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
Advertisement
इंटरनेट पर खोजा 'मौत का तरीका'
अतुल को रास्ते से हटाने की पूरी प्लानिंग दामिनी ने कई महीनों पहले ही शुरू कर दी थी। उसने हत्या का ऐसा तरीका चुना जिस पर किसी को शक न हो।दामिनी ने इंटरनेट पर भारत के सबसे जहरीले सांपों के बारे में सर्च किया। वहां उसे 'करैत' सांप के बारे में पता चला, जिसके बाद उसने इस सांप की खासियत और जहर से जुड़ी सारी जानकारी जुटाई।
प्लानिंग के तहत प्रेमी तुषार ने इंटरनेट से करैत सांप की फोटो डाउनलोड की। इसके बाद उसने सोनू और उदय नाम के सपेरों से संपर्क किया और उन्हें फोटो दिखाकर वैसा ही सांप लाने को कहा। इस खौफनाक काम को अंजाम देने के लिए सपेरों को 15,000 रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे।
बिस्तर पर छोड़ा सांप, नहीं है कोई पछतावा
करीब सात दिन की तलाश के बाद सपेरे कहीं से वह जहरीला सांप करैत पकड़ कर ले आए। इसके बाद साजिश के तहत उस सांप को अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया गया। सांप ने अतुल को कई बार काटा, जिससे उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
Advertisement
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद जब पुलिस ने दामिनी से पूछा कि क्या उसे अपने किए पर कोई पछतावा है, तो उसने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले में एक और सपेरे की सरगर्मी से तलाश कर रही है, जिसने सांप पकड़ने में मुख्य आरोपियों की मदद की थी।