Nasik: सनकी आशिक ने पहले प्रेमिका की चाकू गोदकर की हत्या, फिर पेड़ से लटक कर प्रेमी ने दी जान; लिव-इन रिलेशनशिप का खूनी अंत
Murder Case: महाराष्ट्र के नासिक में सनकी आशिक ने प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी लड़के ने भी पास एक पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी।
- भारत
- 3 min read

Maharashtra, Nasik Murder Suicide News: महाराष्ट्र के नासिक से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार की रात एक 20 साल की लड़की की उसके ही एक्स-बॉयफ्रेंड ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी लड़के ने भी घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी।
इस खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। मरने वाली लड़की का नाम वैष्णवी अनिल अवारे था, जबकि आरोपी की पहचान साहिल लवहारे के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, वैष्णवी और साहिल पहले यवतमाल के उमरखेड़ में लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। लेकिन, उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। लगातार विवादों के चलते आखिरकार दोनों का ब्रेकअप हो गया और रास्ते अलग हो गए।
ब्रेकअप के बाद, वैष्णवी अपनी पढ़ाई के लिए नासिक आ गई और यहां के इंदिरा नगर इलाके में पेइंग गेस्ट के तौर पर रहने लगी। वैष्णवी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी थी और उसकी किसी दूसरे लड़के से शादी भी तय हो गई थी।
Advertisement
फोन पर होने वाले पति से बात कर रही थी वैष्णवी, तभी हुआ हमला
वैष्णवी का आगे बढ़ना और दूसरी जगह शादी करना साहिल को बर्दाश्त नहीं हुआ। शुक्रवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच, जब वैष्णवी अपनी एक दोस्त के साथ बैठी थी, तभी साहिल अचानक वहां आ धमका।
उसने वैष्णवी से बात करने की कोशिश की, लेकिन वैष्णवी ने उसकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया। साहिल को वैष्णवी की शादी की भनक लग चुकी थी, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद से घबराकर वैष्णवी ने तुरंत उस लड़के को फोन मिलाया, जिससे उसकी शादी होने वाली थी।
Advertisement
जब वैष्णवी फोन पर बात कर ही रही थी, तभी साहिल ने अपना आपा खो दिया। उसने एक धारदार हथियार निकाला और वैष्णवी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
“मैंने वैशू को मार डाला है...”
वारदात का सबसे खौफनाक हिस्सा तब हुआ जब वैष्णवी को खून से लथपथ करने के बाद साहिल ने उसका फोन उठा लिया। फोन के दूसरी तरफ वैष्णवी का होने वाला पति था। साहिल ने उससे कहा, "मैंने वैशू को आज मार डाला है। तुम कहां हो और तुम्हें यहां पहुंचने में कितनी देर लगेगी?"
अपनी आंखों के सामने सहेली पर ऐसा जानलेवा हमला होता देख, वैष्णवी की दोस्त जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी। शोर मचता देख साहिल वहां से भाग खड़ा हुआ।
2 किलोमीटर दूर पेड़ से लटका मिला आरोपी
वैष्णवी की हत्या करने के बाद फरार हुए साहिल की तलाश जब शुरू हुई, तो उसका शव वारदात वाली जगह से करीब दो किलोमीटर दूर एक पेड़ से लटका हुआ मिला। उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना और इसके पीछे की एक-एक कड़ी की गहराई से जांच कर रही है। एक हंसती-खेलती जिंदगी और एक रिश्ते का ऐसा खूनी अंत वाकई रोंगटे खड़े कर देने वाला है।