अपडेटेड 15 May 2024 at 23:24 IST
10 से 15 साल की लड़कियों की तस्करी, वेश्यावृत्ति... सरकारी अधिकारियों समेत 21 को किया गिरफ्तार
Prostitution Ring Busted: पुलिस ने अंतरराज्यीय वेश्यावृत्ति गिरोह में शामिल सरकारी अधिकारियों समेत 21 लोगों को पिछले कुछ दिन में गिरफ्तार किया है।
- भारत
- 2 min read

Prostitution Ring Busted: अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने अंतरराज्यीय वेश्यावृत्ति गिरोह में शामिल सरकारी अधिकारियों समेत 21 लोगों को पिछले कुछ दिन में गिरफ्तार किया है और 10 से 15 साल उम्र की पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सरकारी अधिकारियों में एक पुलिस उपाधीक्षक और स्वास्थ्य सेवाओं का उप निदेशक शामिल है।
ईटानगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि राजधानी में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली दो बहनें पड़ोसी राज्य असम के धेमाजी से नाबालिग लड़कियों को तस्करी कर राज्य में ला रही थीं।
यहां पास में चिंपू में नाबालिग लड़कियों से जुड़ा एक वेश्यावृत्ति गिरोह सक्रिय होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने चार मई को दो बहनों के घर पर छापा मारा और दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया।
Advertisement
एसपी ने कहा कि नाबालिग लड़कियों ने खुलासा किया कि उन्हें दो बहनें धेमाजी से ईटानगर लेकर आई थीं।
इसके बाद धेमाजी से तस्करी करके लाई गई दो और नाबालिग लड़कियों के बारे में पता चला जो एक महिला के चंगुल में थीं और बाद में उन्हें मुक्त करा लिया गया।
Advertisement
पुलिस टीम को यह भी पता चला कि आरोपी एक और नाबालिग लड़की को तस्करी कर लाएं है जिसके बाद एक होटल में छापेमारी की गई और लड़की को मुक्त करा लिया गया।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 15 May 2024 at 23:24 IST