Haryana: दुजाना नहर के पास STF और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी इन्द्रपाल ढेर, गर्लफ्रेंड पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार
Jhajjar News: विजय सैनी हत्याकांड में मुख्य आरोपी इन्द्रपाल को STF ने दुजाना नहर के पास मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। इन्द्रपाल संजय बिरधाना का करीबी था। मुठभेड़ में STF इंस्पेक्टर राकेश घायल हुए, लेकिन हालत स्थिर है। पुलिस इन्द्रपाल की गर्लफ्रेंड को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
- भारत
- 2 min read

Haryana News: हरियाणा के झज्जर में रविवार रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) टीम ने एक गैंगस्टर को एनकाउंटर में मार गिराया है। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में गैंगस्टर इन्द्रपाल ढेर हो गया और एक इंस्पेक्टर घायल हुआ है। इन्द्रपाल विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी था।
कुछ दिन पहले दुजाना के खेतों में विजय सैनी की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी संजय बिरधाना का करीबी सहयोगी कसरैटी गांव का रहने वाला इन्द्रपाल फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
STF और गैंगस्टर के बीच ये मुठभेड़ दुजाना नहर के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इसी दौरान एसटीएफ इंस्पेक्टर राकेश को बाजू में गोली लगी। घायल इंस्पेक्टर को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह अस्पताल पहुंचीं और हालत का जायजा लिया।
संजय बिरधाना का खास सहयोगी
पुलिस का कहना है कि इन्द्रपाल विजय सैनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी संजय बिरधाना का खास सहयोगी माना जाता था और हत्याकांड में सक्रिय भूमिका निभाई थी। फिलहाल पुलिस मुठभेड़ में इस्तेमाल किए गए हथियारों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। इलाके की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
Advertisement
गर्लफ्रेंड पहले ही गिरफ्तार
इन्द्रपाल की एक गर्लफ्रेंड भी है। पुलिस पहले ही इन्द्रपाल की गर्लफ्रेंड को इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। यह मुठभेड़ विजय सैनी हत्याकांड की जांच में पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी रखेगी।