D Company का करीबी हुफैजा गिरफ्तार, भारत को दहलाने के लिए मुन्ना झिंगाडा ने दिया था टास्क
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और महाराष्ट्र ATS ने संयुक्त ऑपरेशन में मुंबई अंडरवर्ल्ड-ISI आतंक लिंक के मुख्य आरोपी हुफैजा को गिरफ्तार किया है। हुफैजा, D-Company का करीबी और पाकिस्तान में बैठे मुन्ना झिंगाड़ा का सबसे भरोसेमंद साथी है।
- भारत
- 2 min read

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र ATS के साथ संयुक्त ऑपरेशन में मुंबई अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तानी ISI के आतंक-नेटवर्क का एक बड़ा सांप पकड़ लिया है। स्पेशल सेल ने फरार आतंकी हुफैजा को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। हुफैजा, दाऊद इब्राहिम गैंग (D-Company) का करीबी और पाकिस्तान में बैठे मुन्ना झिंगाड़ा का सबसे भरोसेमंद साथी है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाल ही में एक खतरनाक आतंकी-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 6 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के अनुसार इस मॉड्यूल को पाकिस्तान से चार हैंडलर चला रहे थे, इन हैंडलर में मुन्ना जागड़ा भी शामिल था।
मुन्ना झिंगाड़ा वर्तमान में कराची से पूरा ऑपरेशन चला रहा है। सूत्रों के अनुसार, मुन्ना झिंगाड़ा ने हुफैजा को भारत में बड़े स्तर पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने और देश को अस्थिर करने का टास्क सौंपा हुआ था। हुफैजा इसी सिलसिले में ISI और अंडरवर्ल्ड के संयुक्त आतंक केस का मुख्य आरोपी था। हुफैजा पाकिस्तान में बैठे दाऊद इब्राहिम के करीबी मुन्ना झिंगाड़ा के सीधे संपर्क में था और दोनों के बीच लगातार संवाद चल रहा था।
3 दिन से महाराष्ट्र में छापेमारी
महाराष्ट्र ATS और दिल्ली स्पेशल सेल की टीम पिछले तीन दिनों से मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार रेड कर रही है। आखिरकार हुफैजा को महाराष्ट्र ATS और स्पेशल सेल के ज्वाइंट ऑपरेशन में मुंबई से हिरासत में ले लिया गया। सूत्र बताते हैं कि हुफैजा लंबे समय से फरार था और केंद्रीय एजेंसियां और स्थानीय पुलिस मिलकर उसे ट्रैक कर रही थीं। उसकी गिरफ्तारी से ISI-अंडरवर्ल्ड के आतंक नेटवर्क की पूरी चेन को बड़ा झटका लगा है।
Advertisement
बड़े खुलासे की उम्मीद
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र ATS अब हुफैजा से पूछताछ कर रही है। उम्मीद है कि इस पूछताछ से मुन्ना झिंगाड़ा के भारत में सक्रिय अन्य मॉड्यूल, फंडिंग रूट और आतंकी प्लानिंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
यह गिरफ्तारी भारत की सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और ISI के आतंक को भारत में फैलाने की साजिश को नाकाम करने में बड़ी सफलता है। स्पेशल सेल बुधवार को उसे कोर्ट में पेश कर प्रोडक्शन वारंट पर लेकर दिल्ली आएगी। हुजैफा की गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है।