अपडेटेड 10 August 2024 at 14:45 IST
मुंह और प्राइवेट पार्ट से खून.. कोलकाता में डॉक्टर के साथ दरिंदगी, रूह कंपा देगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
कोलकाता में एक महिला डॉक्टर के साथ कथिततौर पर पहले रेप किया गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पीड़िता का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई है।
- भारत
- 3 min read

Kolkata Lady Doctor Death in R G Kar Hospital: मुंह और प्राइवेट पार्ट से खून, पेट, पैर, गर्दन और होठों पर चोट के निशान... कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में ऑन ड्यूटी महिला के ऐसी हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। पीड़िता के साथ रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।
यह पूरा मामला शुक्रवार (9 अगस्त) की रात का बताया जा रहा है। कॉलेज के सेमिनार हॉल में पीजी सेकंड ईयर की छात्रा का शव अर्धनग्न हालत में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। साथ ही खुलासा हुआ है कि यौन उत्पीड़न के बाद छात्रा की हत्या की गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
यौन उत्पीड़न के बाद की गई हत्या
पीटीआई के हवाले से पुलिस की दी गई जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या की संभावना से इनकार किया गया है। वहीं ताला पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामले में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा- ‘यह आत्महत्या का मामला नहीं है। महिला की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या की गई थी।' चार पन्नों की रिपोर्ट के अनुसार, महिला के गुप्तांग से खून बह रहा था और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उसकी दोनों आंखों और मुंह से खून बह रहा था। चेहरे और नाखून पर चोट के निशान थे। पीड़िता के गुप्तांग से भी खून बह रहा था। उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाएं हाथ और… होंठों पर भी चोट के निशान थे।
Advertisement
गर्दन की हड्डी टूटी मिली...
कोलकाता पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपराध तड़के तीन से छह बजे के बीच हुआ है। उसकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लगता है कि पहले उसका गला घोंटा गया। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि हम पोस्टमार्टम की पूरी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे हमें अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। कोलकाता पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
मामले पर क्या बोले पीड़िता के पिता?
पीड़िता के पिता ने कहा कि मेरी बेटी की हत्या करने से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया है। उसके शरीर पर चोट के निशान इसका सबूत है। वह अर्धनग्न अवस्था में मिली है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सच को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। मैं नहीं समझ पा रहा हूं कि वे (अस्पताल अधिकारी) जांच में देरी क्यों कर रहे हैं। अस्पताल की एक चिकित्सक ने नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर आगे कहा कि उन्होंने रात करीब दो बजे अपने जूनियर्स के साथ खाना खाया। इसके बाद वह सेमिनार रूम में चली गईं क्योंकि वहां आराम करने के लिये कोई अलग से कमरा नहीं है।
Advertisement
तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विभागों में काम बंद
इसके अलावा आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पीजीटी चिकित्सकों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए इमरजेंसी वार्ड छोड़कर बाकी सभी विभागों में काम करना बंद कर दिया है। बता दें कि ‘एसोसिएशन ऑफ हेल्थ सर्विस डॉक्टर्स’ के वरिष्ठ सदस्य डॉ. मानस गुमटा ने मामले को ‘दबाने’ की कोशिश का आरोप लगाया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 August 2024 at 10:37 IST