आशीष बनर्जी की रहस्यमय मौत पर CM सुवेंदु ने परिजनों से की बात, TMC पर लगाए गंभीर आरोप, जांच का दिया आश्वासन
पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और पांच बार के टीएमसी विधायक आशीष बनर्जी की रहस्यमय मौत के बाद CM सुवेंदु ने उनके परिजनों से बात की और जांच का भरोसा दिलाया। इस बीच सीएम में TMC पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।
- भारत
- 3 min read

Asish Banerjee Suicide: पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। आज, रविवार (16 अगस्त) सुबह उनका शव बीरभूम जिले के टीएमसी ऑफिस में फंदे से लटका मिला है।
इस बीच आशीष बनर्जी की रहस्यमय मौत के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उनके परिजनों से बात की और जांच का भरोसा दिलाया। सीएम ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के "भ्रष्ट लोग" पूर्व TMC विधायक आशीष बनर्जी के परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश कर सकते हैं।
CM ने परिजनों को जांच का दिया आश्वासन
राज्य विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और TMC के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की मौत पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पीड़ित के परिवार से बात की है और उनसे पुलिस का सहयोग करने को कहा है। साथ ही, उन्होंने घटना के सिलसिले में कॉल रिकॉर्ड की जांच की भी मांग की।
TMC के "भ्रष्ट लोग" पीड़ित परिजन को डराएंगे-धमकाएंगे
सीएम अधिकारी ने कहा, "उनके साथ मेरे अच्छे संबंध थे और जब मैंने मुख्यमंत्री का पद संभाला, तो उन्होंने मुझे मैसेज करके कहा था कि वे मुझसे मिलने आएंगे।" आगे उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के "भ्रष्ट लोग" पूर्व TMC विधायक आशीष बनर्जी के परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश कर सकते हैं।
Advertisement
अधिकारी ने कहा, "मैंने कुछ देर पहले उनके परिवार से बात की। वह एक अच्छे राजनीतिक नेता थे। उनके निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए BJP विधायक उनसे मिलने गए थे और उनके पैर छुए थे। उनके पूरे परिवार ने बताया कि स्थानीय BJP कार्यकर्ताओं और पुलिस के साथ उनके अच्छे संबंध थे। यह एक दुखद घटना है। मैंने उनके परिवार से पुलिस का सहयोग करने को कहा है। TMC के भ्रष्ट लोग उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश कर सकते हैं। कॉल रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए।"
पुलिस निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी-CM
सीएम ने कहा कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी और घोषणा की कि वे व्यक्तिगत रूप से बनर्जी के परिवार से मिलेंगे। अधिकारी ने कहा, "पुलिस निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी... मैं भी उनके परिवार से मिलूंगा क्योंकि उनके साथ मेरे अच्छे संबंध थे - आप इसकी पुष्टि कर सकते हैं।"
Advertisement
आशीष बनर्जी की रहस्यमय मौत
इससे पहले, रविवार को बीरभूम ज़िला पुलिस ने बताया कि बनर्जी अपने पार्टी ऑफ़िस में मृत पाए गए और एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस ख़बर के बाद, टीएमसी कार्यकर्ता पार्टी ऑफ़िस और रामपुरहाट में बनर्जी के घर के बाहर जमा हो गए।