मां के अंतिम दर्शन पर छलका CM योगी का दर्द, कंधा देते हुए नम हुईं आंखें; बार-बार पोंछते दिखे आंसू
सीएम योगी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते वक्त रो पड़े। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम ही नहीं लिए। सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज सुबह करीब 11.30 बजे हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा।
- भारत
- 2 min read
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अपनी मां सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मां से हमेशा के लिए बिछड़ने के गम में मुख्यमंत्री बेहद भावुक नजर आए और इस दौरान बार-बार अपनी आंखों से बहते आंसू पोंछते दिखे। जब उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और अंतिम यात्रा चंडीघाट के लिए रवाना हुई, तब भी अपनी आंखों से आंसू रोक पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।
सावित्री देवी का उम्र संबंधित बीमारियों के चलते शुक्रवार, 20 नवंबर को 91 की उम्र में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर किया जाएगा। करीब 11.30 बजे उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी, जिसमें कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
CM योगी अंतिम संस्कार के बाद लौटेंगे लखनऊ
अधिकारियों के अनुसार, सीएम योगी शनिवार दोपहर 2.15 बजे तक उत्तराखंड में मौजूद रहेंगे। मां की अंत्येष्टि और अन्य रस्में पूरी करने के बाद वे लखनऊ लौट जाएंगे। वे राजधानी में शाम 5.30 बजे से 6.45 बजे तक पीएम मोदी की मौजूदगी में होने वाले कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।
सीएम को सार्वजनिक कार्यक्रम में मिली मां के निधन की खबर
गौरतलब है कि सीएम योगी को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मां के निधन की खबर मिली थी। वह गोरखपुर में चंपा देवी पार्क में टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मौजूद थे, जहां अपना संबोधन दे रहे थे। इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टैबलेट बांटे जाने थे।
Advertisement
सबसे पहले रवि किशन को मिली थी निधन की जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुखद समाचार सबसे पहले भाजपा सांसद रवि किशन को मिला था। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार और पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी को दी। मुख्यमंत्री योगी का संबोधन समाप्त होते ही अवनीश अवस्थी ने उन्हें उनकी मां के निधन की खबर दी। इस मुश्किल घड़ी में भी सीएम योगी ने धैर्य का परिचय देते हुए खुद को संभाला और कार्यक्रम की औपचारिकताएं पूरी कीं। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। कार्यक्रम के समापन के बाद वे सीधे गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें: CM योगी की मां का अंतिम संस्कार आज, हरिद्वार के चंडीघाट पर पंचतत्व में होंगी विलीन; कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद