CM योगी की मां का अंतिम संस्कार आज, हरिद्वार के चंडीघाट पर पंचतत्व में होंगी विलीन; कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद
सीएम योगी की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा। अंतिम संस्कार में कई नेता शामिल हो सकते हैं।
- भारत
- 2 min read

CM Yogi Mother Last Rite: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर को निधन हो गया। इस दुखद खबर के मिलते ही सीएम अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर तत्काल उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार शाम उन्होंने पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचकर मां के अंतिम दर्शन किए। आज, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दरअसल, उम्र संबंधित बीमारियों के चलते सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन हुआ। मां के अंतिम दर्शन को पहुंचे सीएम योगी बेहद भावुक हो गए। पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के बाद वे काफी देर तक शांत खड़े होकर उन्हें एकटक निहारते रहे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बिना कुछ खाए-पिए पूरी रात अपनी मां की पार्थिव देह के पास ही बैठे रहे।
हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी के पैतृक गांव पहुंचते ही घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच, अंतिम संस्कार से जुड़ी तैयारियां की जा रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडीघाट पर करीब 11.30 बजे किया जाएगा। अंतिम संस्कार में कई बड़े नेताओं के जुटने की संभावना है। मां की अंत्येष्टि और अन्य रस्में पूरी करने के बाद सीएम लखनऊ लौट जाएंगे।
पंचूर में बीता सीएम योगी का बचपन
पंचूर गांव उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में स्थित है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म इसी गांव में हुआ था। उन्होंने अपने बचपन के शुरुआती साल यहीं बिताए और बाद में वे गोरखपुर चले गए।
Advertisement
मां के निधन पर भावुक हुए सीएम
मां के निधन के बाद सीएम योगी ने 'एक्स' पर एक भावुक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे अपनी मां के सामने खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने अपने दुख को सिर्फ तीन शब्दों में बयां किया। उन्होंने लिखा, 'मां... ॐ शांति।'
पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने जताया शोक
वहीं सावित्री देवी के निधन पर कई बड़े नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बीजेपी सांसद रवि किशन, मनोज तिवारी, आजाद समाज पार्टी- कांशीराम के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान समेत तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।