अपडेटेड 30 July 2024 at 13:18 IST

'चच्चा को गच्चा दे ही दिया', जब सदन में CM योगी ने दिया माता प्रसाद पांडे को जवाब,शिवपाल देखते रह गए

माता प्रसाद पांडे से CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने चाचा को गच्चा दे ही दिया। शिवपाल यादव का नाम लिए बगैर कहा कि वो बेचारा हमेशा ही ऐसे मार खाता है।

Follow : Google News Icon  
CM Yogi Adityanath on Mata Prasad Pandey and Shivpal singh yadav
सीएम योगी आदित्यनाथ ने माता प्रसाद पांडे को जवाब देते हुए शिवपाल पर तंज कसा। | Image: Video Grab

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को एक अलग माहौल ने सभी का ध्यान खींच लिया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सदन के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने सवाल किया था। हालांकि उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जवाब के साथ अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव पर भी टिप्पणी कर दी। इससे सदन का माहौल एकाएक बदल गया था और सभी मुस्कराने लगे थे।

माता प्रसाद पांडे पहली बार सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में सवाल पूछने के लिए खड़े हुए थे। पिछले दिनों समाजवादी पार्टी ने माता प्रसाद पांडे को सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुना था, जिन्होंने पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की जगह ली। सांसद बनने पर अखिलेश यादव ने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी, जिससे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद खाली हो गया था। हालांकि चर्चाएं थीं कि अखिलेश यादव सदन में अपनी जगह चाचा शिवपाल सिंह यादव को नेता प्रतिपक्ष का पद दे सकते हैं। हालांकि उन्होंने माता प्रसाद पांडे का नाम आगे करके सबको चौंका दिया था। खैर, इसी को लेकर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरे सदन में उनकी टांग खिंचाई की।

चाचा बेचारा हमेशा ही ऐसे मार खाता है- CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी टिप्पणी में कहा कि एक अलग विषय है कि आपने (माता प्रसाद पांडे) चाचा को गच्चा दे ही दिया। चाचा (शिवपाल सिंह यादव) बेचारा हमेशा ही ऐसे मार खाता है। इनकी नियती ही ऐसी है। क्योंकि भतीजा (अखिलेश यादव) हमेशा भयभीत रहता है। सीएम योगी की बात को सुनकर सदन में ठहाके लगने लगे थे। खुद माता प्रसाद पांडे और उनकी बगल में ही बैठे शिवपाल सिंह यादव मुस्कराने लगे थे।

जब माता प्रसाद और CM योगी में सवाल-जवाब हुए

माता प्रसाद पांडे ने सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में महिलाओं से जुड़े अपराध के आंकड़े मांगे थे। अपने सवाल में पांडे ने कहा था कि राज्य में कुल कितनी घटनाएं हुईं। और जो कोर्ट से दंडित हो जाते हैं क्या उन्हें ही आप घटना मानते हैं या जो घटनाएं घटती हैं, उन्हें भी घटना ही मानते हैं। इसे स्पष्ट करना चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि प्रदेश के अंदर जो महिला संबंधी अपराध थे, 2016 में 1838 बलात्कार की घटनाएं घटित हुई थीं। 2024 में 1373 ऐसी घटनाएं हुईं। घटनाएं बताती हैं कि 25 फीसदी की कमी आई है। 2016 से 2024 के बीच आबादी भी बढ़ी है, लेकिन इस दौरान अपराध भी कम हो रहा है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने को तैयार: पीएम मोदी

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 30 July 2024 at 13:18 IST