काफिला रोका, दौड़े-दौड़े पहुंचे, फिर... 'मसीहा' बने चिराग पासवान, सड़क हादसे में घायल युवती की यूं की मदद- VIDEO
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इंसानियत की मिसाल पेश की। अमृतसर से जालंधर जाते समय सड़क किनारे घायल युवती को देख उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और अपनी ही गाड़ी से उसे तत्काल अस्पताल भिजवाया। उनके इस कदम की काफी सराहना हो रही है।
- भारत
- 3 min read

Chirag Paswan news: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान इन दिनों पंजाब के दौरे पर हैं। रविवार (19 जुलाई) को अमृतसर से जालंधर जाते वक्त कुछ ऐसा हुआ कि चिराग को अपना काफिला रोकना पड़ा। उन्होंने वीवीआईपी कल्चर और सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए सड़क हादसे में घायल एक युवती की जान बचाई। उनके इस कदम की काफी सराहना हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, चिराग पासवान का काफिला अमृतसर से जालंधर की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान जालंधर से करीब 10-15 किलोमीटर पहले डेरा सचखंड बल्लान के पास सड़क किनारे एक युवती खून से लथपथ और गंभीर हालत में पड़ी दिखाई दी। बताया जा रहा है कि स्कूटी के डिवाइडर से टकरा जाने से यहां हादसा हुआ था। सड़क पर घायल पड़ी युवती को देखते ही चिराग ने बिना एक पल गंवाए तुरंत अपने पूरे काफिले को रोकने का निर्देश दिया।
युवती को अपने काफिले की कार से पहुंचाया अस्पताल
काफिला रुकते ही चिराग पासवान खुद गाड़ी से बाहर निकले और युवती का हाल जाना। इस दौरान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपनी टीम को तुरंत निर्देश दिया कि बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए युवती को उनकी ही काफिले की गाड़ी में बिठाकर नजदीकी अस्पताल ले जाया जाए और उसका तत्काल इलाज शुरू कराया जाए।
चिराग पासवान तब तक मौके पर मौजूद रहे जब तक घायल युवती को सुरक्षित अस्पताल के लिए रवाना नहीं कर दिया गया। जब उन्हें यकीन हो गया कि लड़की को समय पर डॉक्टरी इलाज मिल जाएगा, तब जाकर उन्होंने अपनी आगे की यात्रा जारी की।
Advertisement
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखने मिल रहा है कि चिराग के काफिले में शामिल एक शख्स लड़की को उठाकर कार में रखता है और फिर वहां से उसे अस्पताल ले जाया जाता है।
पंजाब दौरे पर पहुंचे चिराग पासवान ने अपनी मां के साथ अमृतसर स्थित पवित्र श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में शीश नवाया। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक जलियांवाला बाग पहुंचकर अमर शहीदों को नमन करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपनी इस पंजाब यात्रा के दौरान वे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां भी गए, जहां उन्होंने पूज्य संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लिया।