Chhattisgarh: धमतरी जिले में महिला की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस ने दी जानकारी

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से पुरानी दुश्मनी के कारण उसकी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

Follow : Google News Icon  
Stab
Chhattisgarh: धमतरी जिले में महिला की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस ने दी जानकारी | Image: Unsplash/ Representational

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से पुरानी दुश्मनी के कारण उसकी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की पहचान अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटियाडीह गांव के निवासी जागेश्वर पटेल की पत्नी कुंती बाई (35) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया..

उन्होंने बताया, ‘‘घटना आज दोपहर की है, जब महिला घर पर अकेली थी।’’ अधिकारियों ने बताया कि धमतरी शहर के साल्हेपारा इलाके में रहने वाला चमन पटेल एक अन्य व्यक्ति के साथ जागेश्वर से मिलने पोटियाडीह गांव पहुंचा था। उन्होंने बताया, ''दोनों आरोपियों ने कुंती बाई से जागेश्वर पटेल के बारे में पूछताछ की। जब कुंती ने बताया कि उसका पति घर पर नहीं है, तब दोनों ने उससे पानी मांगा।''

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद हमलावरों ने महिला पर धारदार चाकू से वार कर दिया। जब महिला ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने चमन पटेल को पकड़ लिया, लेकिन एक अन्य व्यक्ति भागने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सहायता से महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा अन्य आरोपी की तलाश जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पहले आरोपियों ने एक लड़की को सड़क दुर्घटना में घायल कर दिया था। जागेश्वर पटेल और कुछ ग्रामीणों ने आरोपियों को रोककर घायल लड़की का इलाज कराने के लिए कहा था, जिससे पटेल और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी। आशंका है कि आरोपी युवकों ने इस विवाद को लेकर ही जागेश्वर पटेल की पत्नी की चाकू मारकर हत्या की है।

Advertisement

ये भी पढ़ें - LIVE UPDATES/ असम पहुंचे पीएम मोदी का भव्य रोड शो, पारंपरिक नृत्य से हुआ स्वागत

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By :
Garima Garg
पब्लिश्ड