नहाय खाय के साथ आस्था का महापर्व छठ आज से शुरू, गंगा घाटों में उमड़ी भीड़; कद्दू-भात खाकर व्रत का संकल्प लेंगी छठ व्रती; जानें आज के दिन का महत्व

लोक आस्था का महापर्व छठ आज, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पहले दिन व्रती गंगा या पवित्र जलाशयों में स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य देती है और फिर कद्दू-भात खाकर व्रत का संकल्प लेती हैं। जानतें हैं 4 दिनों का पूरा कार्यक्रम...

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Chhath Mahaparav
नहाय खाय के साथ आस्था का महापर्व छठ आज से शुरू | Image: Meta AI

चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व छठ आज, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पूरे देश भर में इस महापर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। गंगा घाटों पर सुबह से ही छठ व्रतियों की भारी भीड़ नजर आ रहा है। पटना के गंगा घाट पर स्नान करने के लिए आने वाले व्रतियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आईए जानते हैं आज के दिन का क्या है महत्व और चार दिनों तक चलने वाले महापर्व की पूरी जानकारी।

छठ महापर्व के पहले दिन को 'नहाय-खाय' कहा जाता है, जिसकी शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है। इस दिन व्रती नदी या पवित्र जल में स्नान करने पहुंचती है। गंगा में स्नान का विशेष महत्व होता है। यही वजह है कि गंगा घाटों पर सुबह से भारी भीड़ नजर आ रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान में शारीरिक शुद्धि से लेकर आत्मिक साधना तक की परंपरा जुड़ी है।

पटना के गंगा घाट पर उमड़ी भीड़

पहले दिन व्रती गंगा या पवित्र जलाशयों में स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य देती है फिर कुल देवी-देवताओं का स्मरण कर इस कठिन अनुष्ठान के लिए शक्ति और आर्शिवाद मांगती है। इसके बाद आज के दिन का प्रसाद बनाने का काम शुरू होता है। इस पर्व में शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है। छठ के पहले दिन अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार किया जाता। इसके साथ चटनी और पकौड़ी भी बनाई जाती है।

नहाय-खाय के दिन का महत्व

छठ व्रती कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगे। छठ के प्रसाद की तैयारी भी नहाय-खाय से ही शुरू हो जाती है। प्रसाद के लिए गेहूं को गंगाजल या साफ सुधार जल से धोकर स्वच्छ स्थान पर सुखाया जाता है। गेंहू को सुखाना भी एक कठिन परीक्षा होती है। इसे पक्षियों और कीड़ों के स्पर्श से बचाने के लिए व्रती और परिवार के सदस्य पारंपरिक छठ गीत गाते हुए उसकी रखवाली भी करते हैं। यह परंपरा छठ की सामूहिकता, अनुशासन और लोक संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश करती है।

Advertisement

छठ दूसरे दिन मनाया जाता है खरना

छठ पर्व का दूसरा दिन 'खरना' के रूप में मनाया जाता है, जो कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को पड़ता है। इस बार खरना 14 नवंबर 2026 को है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम के समय गुड़ से बनी खीर का प्रसाद तैयार करते हैं। प्रसाद में खीर के साथ, रोटी और फल को भी शामिल किया जाता है। पूजा के बाद प्रसाद परिवार और आसपास के लोगों में बांटा जाता है। इसी प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का कठिन 36 घंटों का निर्जला व्रत आरंभ हो जाता है।

तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य 

छठ महापर्व का तीसरा और बेहद महत्वपूर्ण दिन अचल आस्था और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन यानी कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस बार संध्या अर्घ्य 15 नवंबर को है। इस दिन छठ व्रती अपने पूरे परिवार के  के साथ पवित्र नदी, तालाब या जलकुंड के घाट पर एकत्रित होते हैं। जल के भीतर खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य देव की आराधना करते है। बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, मौसमी फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाती है। इसके बाद डूबते सूर्य को सभी लोग जल और दूध से अर्घ्य अर्पित करते हैं।

Advertisement

उगते हुए सूर्य की आराधना के साथ महापर्व होगा समाप्त

चार दिवसीय इस महापर्व का समापन सप्तमी तिथि को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है। इस दिन सुबह-सुबह उगते सूर्य को जल अर्पित किया जाता है। सुबह सूर्योदय से पहले व्रती अपने पूरे परिवार के साथ छठ घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य की आराधना करती है। इसके बाद छठी मैया और सूर्यदेव की जल और दूध से अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की जाती है।

पूजा पूरी होने के बाद छठ व्रती प्रसाद ग्रहण कर पारण करती हैं और परिवार के सदस्यों के बीच प्रसाद बांटा जाता है। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाता है। छठ ही एक ऐसा महापर्व जो हमें प्रकृति से प्रेम के साथ-साथ ये भी सिखाता है कि जिसका अस्त होता है उसका उदय भी होता है।  

यह भी पढ़ें: Delhi: छठ पूजा पर सरकारी छुट्टी का ऐलान; बंद रहेंगे दफ्तर और हाईकोर्ट भी

Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड