Char Dham Yatra: चारधाम यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी, 24 घंटे की लगी रोक हटी, रजिस्ट्रेशन भी शुरू; अब स्थानीय प्रशासन लेगा फैसला
मौसम में मामूली सुधार के बाद उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर लगाए गए अस्थाई रोक को हटा दिया गया है। यात्रा मार्ग पर पहाड़ों से गिरे मलबे को साफ करने का काम जारी है।
- भारत
- 3 min read

Char Dham Yatra Update: उत्तराखंड में आसमान से बारिश आफत बनकर बरस रही है। लगातार हो रही भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। बादल फटने और लैंडस्लाइड की वजह से कई जगहों में सड़कें अवरुद्ध हो गई है। कई हाइवे बंद हो गए हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर रोक लगा दी थी। मगर सोमवार को मौसम में मामूली सुधार के बाद फिलहाल यात्रा पर लगी रोक को हटा दिया गया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया, "कल रेड अलर्ट के मद्देनजर चार धाम यात्रा पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगाया गया था। आज सुबह स्थिति का एक बार फिर रिव्यू किया गया और यह निर्णय लिया गया कि यात्रा से प्रतिबंधन को हटाया जाए। यात्रा रूट पर आने वाले DM, SSP और स्थानीय प्रशासन को यह अधिकार दिया गया है कि यदि स्थानीय मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें आवश्यकता महसूस होती है तो वे अपने-अपने जनपदों में होल्डिंग पॉइंट्स पर वाहनों को रोक सकते हैं।
चारधाम यात्रा पर लगी रोक हटी
मंडल आयुक्त ने बताया कि यात्रा मार्ग पर जहां-जहां सड़कों पर पहाड़ों से मलबा गिरा है उसे हटाने का काम लगातार जारी है। सभी परिस्थितियों पर विचार करके यह निर्णय लिया गया है कि यात्रा फिर से शुरू किया जाए। यमुनोत्री में अभी बचाव और सड़क पुनर्स्थापन का काम चल रहा है, उसे पूरा किया जाएगा। पंजीकरण को भी बहाल कर लिया गया है और साथ ही यात्रा पर प्रतिबंध को भी हटा लिया
प्रशासन ने यात्रियों से की ये अपील
प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा के लिए रवाना हों। साथ ही उन्हें पहाड़ी रास्तों पर सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए यात्रा फिर से शुरू हो चुकी है। गौरतलब है कि रविवार को प्रदेश में मूसलधार बारिश के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे के लिए यात्रा पर रोक लगा दी गई थी। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए यह एहतियातन कदम उठाया गया था।