बंगाल में चुनाव के बाद भारी बवाल, बुलडोजर लेकर पहुंची भीड़ ने TMC ऑफिस में की तोड़फोड़; एक्शन में CEC, बोले- सख्त कार्रवाई होगी
Bulldozer Action on TMC Office in Kolkata: टीएमसी नेताओं का आरोप है कि भाजपा की जीत के जुलूस के दौरान तृणमूल दफ्तर को निशाना बनाया गया, जो कि पुलिस की अनुमति से हुआ।
- भारत
- 4 min read

Bulldozer Action on TMC Office in Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के महज एक दिन बाद ही राजधानी कोलकाता के हॉग मार्केट (न्यू मार्केट) के पास जमकर बवाल हुआ है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात यहां खूब तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि भीड़ ने बुलडोजर लाकर टीएमसी के दफ्तर को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे और इलाके की गश्त बढ़ाई।
तृणमूल कांग्रेस, महुआ मोईत्रा समेत कई टीएमसी नेताओं ने इस घटना से जुड़ी वीडियो शेयर करते हुए बुलडोजर एक्शन का आरोप भाजपा पर मढ़ा। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भरोसा देने वाली भारतीय जनता पार्टी अब प्रदेश में बुलडोजर और गुंडागर्दी की राजनीति पर उतर आई है।
बुलडोजर के साथ आया BJP का परिवर्तन- TMC
TMC ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल ट्वीट कर लिखा, 'चुनाव से पहले: भरोसा अंदर और चुनाव के बाद- भरोसा बाहर, बुलडोजर अंदर।'
तृणमूल कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा, 'बीजेपी का 'परिवर्तन' आ गया है और यह बुलडोजर के साथ आया है। खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए भाजपा समर्थकों की भीड़ ने न्यू मार्केट इलाके के पास जमकर हंगामा किया। उन्होंने दुकानें तोड़ दी और तृणमूल कांग्रेस पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ की। यह उस पार्टी का जश्न है जिसने भरोसे की बात की और आतंक फैलाया।'
Advertisement
'सेंट्रल फोर्स को मिले ‘तमाशा’ देखने के निर्देश'
टीएमसी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने अपने कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतरने, रास्ते में आने वाली हर चीज को काट डालने, जिस पर भी मन करे हमला करने, बेरहमी करने और मारने का लाइसेंस दे दिया है। साथ ही सेंट्रल फोर्सेस को एक ही इंस्ट्रक्शन दिया गया है। चुपचाप खड़े रहो और जो होना है होने दो।'
‘प्रायोजित आतंक की नीति का मुकाबला करेगी TMC’
पार्टी ने आगे आक्रोश जाहिर करते हुए लिखा, 'आज दुकानें हैं। कल राजनीतिक विरोधी होंगे। फिर बंगाल के आइकॉन की मूर्तियां होंगी। और आखिर में गरीबों और कमजोरों के घर होंगे। लेकिन बंगाल में जहां भी बीजेपी का बुलडोजर चलेगा उसे दीवार मिलेगी, विरोध की..। हम सरकार की तरफ से प्रायोजित आतंक की इस नीति से मुकाबला करेंगे।'
Advertisement
महुआ मोइत्रा ने वीडियो शेयर कर कसा तंज
वहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा और लिखा, 'कोलकाता का ऐतिहासिक न्यू मार्केट। बंगाली लोग परिवर्तन का आनंद ले रहे हैं।'
बीजेपी के गुंडों ने लगाई आग- डेरेक ओ'ब्रायन
इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने आरोप लगाया कि यह तोड़फोड़ पुलिस की इजाजत से की गई है। उन्होंने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'जगतबल्लवपुर में टीएमसी पार्टी ऑफिस में बीजेपी के गुंडों ने आग लगा दी है। यह उस हालात की खतरनाक झलक है।'
'पुलिस की इजाजत से हुई तोड़फोड़…'
उन्होंने आगे लिखा, 'सेंट्रल कोलकाता में न्यू मार्केट के पास। पुलिस की इजाजत से। जीत के जश्न के तौर पर मीट की दुकानें गिराने के लिए बुलडोजर लाया गया। CAPF के जवान आस-पास खड़े हैं।' उन्होंने आगे कहा कि यही है भारतीय जनता पार्टी। दुनिया इन तस्वीरों को देखने पाए।'
स्थानीय लोगों ने TMC के दावों को किया खारिज
वहीं स्थानीय लोगों ने टीएमसी नेताओं के दावे को पूरी तरह से गलत बताया है। उनका कहना है कि जिस ढांचे पर तोड़फोड़ हुई है वो गैरकानूनी कब्जा था। यह जगह पहले किसी दुकानदार की हुआ करती थी जिसे जबरन छीना गया था। इसके बाद उस जगह पर तृणमूल दफ्तर खड़ा कर दिया गया।
चुनाव आयोग ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस घटना के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए हिंसा भड़काने और तोड़फोड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के डीजी सहित सभी जिला मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधिकारियों को निरंतर गश्त पर रहने के आदेश दिए हैं। इस आदेश के तहत पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़काने और तोड़फोड़ करने वाले तुरंत गिरफ्तार होंगे।