MP: भोपाल में 600 जनता क्वार्टरों पर बुलडोजर एक्शन शुरू, तनाव को देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात-VIDEO
हाईकोर्ट से ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार के बाद भोपाल में एक बार फिर से जनता क्वार्टरों पर बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। इलाके में भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
- भारत
- 4 min read
राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में स्थित जनता क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रविवार से शुरू हो गई है। बड़ी-बड़ी JCB मशीनों की मदद से क्वार्टरों को जमींदोज किया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर एक्शन जारी है, जिसके चलते पूरे इलाके में हलचल का माहौल है।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने रविवार को अवकाश के दिन विशेष सुनवाई करते हुए व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की एकलपीठ के समक्ष दायर याचिका में बताया गया कि संबंधित भवनों का निर्माण वर्ष 1986 में हुआ था। उनकी जर्जर स्थिति को देखते हुए हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम ने संयुक्त रूप से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की है।
बुलडोजर एक्शन पर SDM ने क्या कहा?
SDM लखन सिंह चौधरी ने बताया, "जितने भी आवंटी हैं, उन सभी को मकान के बदले मकान मिलेगा और 20 प्रतिशत अधिक दिया जाएगा। वहीं शेष, जो अतिक्रमक हैं, उनके लिए ऐसा कोई प्रावधान नहीं है क्योंकि उन्होंने तो अतिक्रमण किया था। अतिक्रमण करने वालों को समझाया गया। पिछले 5 दिनों से उनको समझा रहे थे और इससे फायदा हुआ। आपने देखा कि हमारे तोड़ने की कार्रवाई के पहले से ही टूटे हुए हैं। ऐसी स्थिति में उनको समझाया गया कि ये जर्जर भवन हैं, इससे आपकी जान को खतरा है। लोगों ने उस बात को समझा और प्रशासन को सहयोग करते हुए खुद ही उन्होंने अपने मकान खाली कर दिए और आज सभी खाली मकानों को यहां पर हम तोड़ने का काम कर रहे हैं।
2016 से जर्जर घोषित थे मकान
2016 से ये जर्जर घोषित हो गए थे। 2016 से ही इनके प्रयास किए जा रहे थे। अभी जाकर ये लोग स्वयं से हटे हैं और आज मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। जब तक लोगों को मकान नहीं मिलेगा, तब तक इनको रहने के लिए किराया मिलेगा और वो किराया कलेक्टोरेट के हिसाब से है।
Advertisement
हाउसिंग बोर्ड ने कोर्ट को दी जानकारी
हाउसिंग बोर्ड की ओर से अदालत में जानकारी दी गई कि परियोजना के तहत कुल 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे। इनमें से केवल 110 का आवंटन हो सका, जबकि शेष पर अतिक्रमण है। भवनों को खाली कराने और ध्वस्तीकरण के लिए वर्ष 2016 से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। बीते दिनों वहां शिविर लगाकर भी क्वार्टरों में रहने वाले लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई थी।
कोर्ट को आगे बताया गया कि पूरे परिसर के पुनर्निमाण की योजना प्रस्तावित है। वैध आवंटियों को उनके वर्तमान कब्जे के अतिरिक्त 20 प्रतिशत निर्माण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी दिया गया है। निर्माण पूरा होने और पुनः कब्जा सौंपे जाने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की बात कही गई है। यह किराया कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर के अनुसार दिया जाएगा।