Budget 2025: भारत में बजट पेश करने वाली पहली महिला कौन? वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम है ये खास रिकॉर्ड
निर्मला सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं जिन्होंने कई बजट पेश किए हैं। हालांकि पहली महिला वित्त मंत्री बनने का गौरव इंदिरा गांधी के नाम है।
- भारत
- 2 min read

Budget 2025: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 को अपना 8वां बजट पेश करने जा रही हैं। वह देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं, जिन्होंने लगातार कई बजट पेश किए हैं। हालांकि, भारत की पहली महिला वित्त मंत्री बनने का गौरव पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को प्राप्त है, जिन्होंने 1970 में बजट पेश किया था। निर्मला सीतारमण न सिर्फ वित्त मंत्रालय संभालने वाली दूसरी महिला हैं, बल्कि वह देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री भी रह चुकी हैं। उनके नेतृत्व में पेश होने वाला यह बजट देश की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
इंदिरा गांधी जब बनीं वित्त मंत्री
1969 का साल भारतीय राजनीति के लिए बेहद अहम था। उस समय इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री थीं और वित्त मंत्रालय का कार्यभार उप प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई संभाल रहे थे। हालांकि कांग्रेस पार्टी के अंदरूनी मतभेदों के चलते मोरारजी देसाई को पार्टी से बाहर कर दिया गया। इस निर्णय के बाद वित्त मंत्री का पद खाली हो गया और तीन महीने बाद पेश होने वाले बजट की चुनौती सामने थी। इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री के साथ-साथ वित्त मंत्रालय का कार्यभार भी संभाल लिया। 28 फरवरी 1970 को उन्होंने देश का बजट पेश कर एक नई मिसाल कायम की। यह पहली बार था जब किसी महिला ने संसद में बजट पेश किया था।
फिर निर्मला सीतारमण बनीं वित्त मंत्री
इंदिरा गांधी के बाद, निर्मला सीतारमण देश की दूसरी महिला बनीं जिन्होंने पूर्णकालिक वित्त मंत्री का पद संभाला। 2019 में उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया और तब से अब तक कई महत्वपूर्ण बजट पेश कर चुकी हैं। निर्मला सीतारमण ने न सिर्फ वित्त मंत्रालय में अपनी छाप छोड़ी है, बल्कि रक्षा मंत्री के रूप में भी इतिहास रचा। वह भारत की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री के तौर पर भी रह चुकी हैं। भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी निर्मला सीतारमण अब 1 फरवरी 2025 को अपना 8वां बजट पेश करने जा रही हैं।
कल देश का बजट पेश होगा
कल शनिवार 1 फरवरी को देश का बजट पेश होगा। निर्मला सीतारमण बतौर वित्त मंत्री लगातार अपना आठवां बजट पेश करेंगी। बजट 2025 से टैक्सपेयर्स से लेकर किसानों तक और महिलाओं से लेकर युवाओं तक की बड़ी उम्मीदें हैं।