अपडेटेड 24 January 2024 at 19:17 IST
Budget 2024: किसने दी है अब तक की सबसे लंबी स्पीच? यहां जानिए बजट की 5 रोचक बातें
Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman 1 फरवरी 2024 को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम बजट पेश करेंगी।
- भारत
- 3 min read

Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ( Nirmala Sitharaman ) 1 फरवरी 2024 को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम बजट पेश करेंगी। आपको बता दें कि यह 2019 के बाद उनका लगातार छठा बजट होगा। ऐसे में आइए बजट को लेकर कुछ रोचक तथ्यों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
सबसे पहले तो आपको ये बता दें कि अन्य वित्त मंत्री, जिन्होंने कम से कम पांच लगातार केंद्रीय बजट पेश किए हैं, उनमें मोरारजी देसाई, पी चिदंबरम, प्रणब मुखर्जी, मनमोहन सिंह, यशवंत सिन्हा और अरुण जेटली शामिल हैं।
किसने दी थी सबसे लंबी स्पीच?
भारत की वर्तमान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी, 2020 को सबसे लंबी स्पीच देने का रिकॉर्ड सेट किया था। इस दौरान उन्होंने 2 घंटे और 42 मिनट की स्पीच दी थी। आपको बता दें कि इस दौरान निर्मला सीतारमण ने अपने जुलाई, 2019 के रिकॉर्ड को तोड़ा था, जिसकी टाइमिंग 2 घंटे और 17 मिनट थी। वहीं, अगर सबसे कम देर के भाषण की बात करें तो भारत का सबसे छोटा बजट 1977 में हीरूभाई मुल्जीभाई पटेल ने पेश किया था, जिसमें उन्होंने सिर्फ 800 शब्द बोले थे। वो मोरारजी देसाई की सरकार में साल 1977 से 1979 तक वित्त मंत्री रहे थे।
शब्दों के आधार पर सबसे लंबा भाषण
शब्दों के आधार पर बात करें तो साल 1991 में नरसिंहराव की सरकार में तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह ने 18,650 शब्दों का सबसे लंबा भाषण दिया था। इस मामले में दूसरे नंबर पर अरुण जेटली का नाम है, जिन्होंने साल 2018 में 18,604 शब्दों की स्पीच दी थी। उन्होंने अपना भाषण 1 घंटे 49 मिनट में पूरा किया था।
Advertisement
देश का पहला पेपरलेस बजट
कोरोना काल में वित्त मंत्री के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। उन्होंने 2021-22 का केंद्रीय बजट डिजिटल फॉर्मेट में पेश किया था। उन्होंने डिजिटल टैबलेट के जरिए संसद में अपनी स्पीच पढ़ी थी। साल 2023 में भी वित्त मंत्री ने इस प्रथा को एक बार फिर आगे बढ़ाने का काम किया।
पहला बजट कब पेश किया गया था?
भारत के पास बजट प्रस्तुत करने की 163 साल पुरानी विरासत है। देश का सबसे पहला बजट 7 अप्रैल 1860 को एक स्कॉटिश अर्थशास्त्री जेम्स विल्सन ने पेश किया था। उस वक्त देश में ईस्ट इंडिया कंपनी का शासन था। वहीं, आजादी के बाद का पहला बजट 26 नवंबर 1947 को तत्कालीन वित्त मंत्री आर.के. शन्मुखम चेट्टी ने पेश किया था। आपको ये भी बता दें कि आजादी के बाद से लेकर अब तक कुल 75 सालाना बजट, 14 अंतरिम बजट और 4 स्पेशल बजट पेश किए जा चुके हैं।
Advertisement
जब प्रधान मंत्री ने पेश किया था बजट
देश में कई ऐसे भी मौके आए जब प्रधान मंत्री ने संसद में बजट पेश किया था। देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू का नाम इस लिस्ट में सबसे आगे है। उन्होंने साल 1958 में वित्त मंत्री टीटी कृष्णमाचारी के इस्तीफे के बाद बजट पेश किया था।
इसके बाद 1970 में तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी ने मोरारजी देसाई के इस्तीफे के बाद बजट पेश किया था। वहीं, साल 1987-88 में तत्कालीन पीएम राजीव गांधी ने वीपी सिंह के इस्तीफे के बाद बजट पेश किया था।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 24 January 2024 at 19:17 IST