Indian Railways की तारीफ करते नहीं थका ब्रिटिश कपल, 2 महीने के बच्चे संग घूम रहा पूरा भारत; Video वायरल
British couple India travel: एक ब्रिटिश जोड़ा अपने 2 महीने के बच्चे के साथ पूरे भारत की यात्रा करते हुए ऑनलाइन लोगों का दिल जीत रहे हैं। उन्होंने भारतीय रेलवे की समय की पाबंदी, आसान बुकिंग और सुविधाओं के साथ-साथ भारतीयों के जबरदस्त प्यार और मेहमाननवाजी की भी खूब तारीफ की है।
- भारत
- 2 min read

British couple India travel Video Viral: भारत घूमने आए एक ब्रिटिश कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वजह है उनका भारतीय रेलवे और भारतीय मेहमाननवाजी को लेकर दिया गया दिल जीतने वाला अनुभव। खास बात यह है कि यह कपल अपने सिर्फ 2 महीने के बेटे के साथ पूरे भारत की यात्रा कर रहा है।
ब्रिटेन के रहने वाले Hazel Lindsey और Martin Bailey अपने बेटे अलेक्जेंडर के साथ भारत यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि भारत में ट्रेन से सफर करना उनके लिए बेहद आसान और यादगार अनुभव रहा।
भारतीय रेलवे को बताया सबसे बेहतर विकल्प
वीडियो में कपल ने कहा कि भारतीय रेलवे शहरों के बीच सफर करने का शानदार तरीका है। उनके मुताबिक, ट्रेनें ज्यादातर समय पर चलती हैं और मोबाइल ऐप से टिकट बुकिंग करना भी काफी आसान है। उन्होंने बताया कि कुछ रेलवे स्टेशन काफी भीड़भाड़ वाले जरूर थे, लेकिन वहां मौजूद लिफ्ट और कुलियों की सुविधा ने बच्चे और सामान के साथ यात्रा को आसान बना दिया।
‘भारत में बच्चे को सबसे अच्छी नींद मिली’
हेजल लिंडसे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके बेटे अलेक्जेंडर को भारत का माहौल इतना पसंद आया कि उसे यहां जिंदगी की सबसे अच्छी नींद मिली। उन्होंने बताया कि बच्चा कभी टुक-टुक की सवारी के दौरान तो कभी मटन बिरयानी खाते समय उनकी गोद में आराम से सो जाता था।
Advertisement
भारतीय मेहमाननवाजी ने जीता दिल
ब्रिटिश कपल ने भारतीय लोगों की गर्मजोशी और बच्चों के प्रति अपनापन देखकर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि लोग उनके बच्चे को देखकर बेहद खुश हो जाते थे और कई लोग उसे गोद में लेने की इच्छा जताते थे।
कपल ने यह भी बताया कि कई रेस्टोरेंट में उनके बच्चे के लिए छोटा पालना तक लाकर दिया गया, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “एक बच्चे को बड़ा करने के लिए पूरे गांव की जरूरत होती है और भारत वही गांव है।” वहीं दूसरे यूजर ने भारतीय मेहमाननवाजी की तारीफ करते हुए लिखा कि रेस्टोरेंट में बच्चे के लिए पालना देना बेहद खूबसूरत संकेत है। हालांकि कुछ यूजर्स ने मां की सेहत को लेकर चिंता भी जताई और कहा कि डिलीवरी के सिर्फ दो महीने बाद इतनी लंबी यात्रा करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।