US China Trade Deals: शानदार रहा डोनाल्ड ट्रंप का चीन दौरा, कहा- ‘हमारे बीच संबंध बहुत अच्छे हैं, यह ऐतिहासिक क्षण था’
US China Trade Deals: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "...वह एक बड़ी सफलता थी। यह शानदार था। हमने बेहतरीन सौदे किए, हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं।"
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

US China Trade Deals: चीन के दो दिवसीय दौरे से लौटने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने अपने बीजिंग दौरे को बड़ी सफलता और ऐतिहासिक पल बताया है। वॉशिंगटन डीसी लौटते समय ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच कई बड़े व्यापारिक समझौते हुए हैं और दोनों देशों के रिश्ते पहले से बेहतर हुए हैं।
ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा, "...वह एक बड़ी सफलता थी। यह शानदार था। हमने बेहतरीन सौदे किए, हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं। बहुत सी ऐसी चीजें हुई हैं जिनके बारे में आप आगे सुनेंगे। लेकिन वह एक जबरदस्त सफलता थी। मुझे लगता है कि सचमुच यह एक ऐतिहासिक पल था।"
शी जिनपिंग से मुलाकात को बताया ‘G-2’
चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping के साथ अपनी बैठक को ट्रंप ने नया नाम देते हुए “G-2” कहा। उनका कहना था कि यह दुनिया के दो सबसे ताकतवर देशों की मुलाकात थी, जिसे भविष्य में इतिहास के अहम मोमेंट के तौर पर याद किया जाएगा। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “ये दुनिया के दो महान देशों की बैठक थी। मैं इसे G-2 कहता हूं।”
चीन खरीदेगा 200 बोइंग विमान
ट्रंप ने दावा किया कि चीन ने अमेरिकी कंपनी बोइंग से 200 विमान खरीदने पर सहमति जताई है। साथ ही भविष्य में 750 और विमान खरीदने का आश्वासन भी दिया गया है। ट्रंप के मुताबिक इस डील से अमेरिकी एविएशन और कृषि सेक्टर को बड़ा फायदा होगा।
Advertisement
ताइवान मुद्दे पर भी दिया बड़ा बयान
ताइवान को लेकर बढ़ते तनाव पर ट्रंप ने कहा कि जब तक वह राष्ट्रपति पद पर हैं, चीन कोई आक्रामक कदम नहीं उठाएगा। उन्होंने कहा कि चीन ताइवान को “टेकओवर” नहीं बल्कि अपनी नीति के तहत देखता है और वह नहीं चाहता कि ताइवान खुद को पूरी तरह स्वतंत्र घोषित करे।
सितंबर में वॉशिंगटन आने का न्योता
ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने शी जिनपिंग को सितंबर में वॉशिंगटन आने का निमंत्रण दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, ताइवान और पश्चिम एशिया जैसे मुद्दों पर और अहम बातचीत हो सकती है। अमेरिकी मीडिया में ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात को लेकर काफी चर्चा हो रही है।