BREAKING: छापेमारी के बाद ED ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ से किया गिरफ्तार, कई ठिकानों पर रेड जारी
ED arrests Sanjeev Arora: पंजाब के बिजली, उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और स्थानीय सरकार मंत्री संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित उनके सरकारी आवास पर लंबे समय तक चली तलाशी अभियान के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया।
- भारत
- 3 min read

ED arrests Punjab minister Sanjeev Arora: पंजाब के बिजली, उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और स्थानीय सरकार मंत्री संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित उनके सरकारी आवास पर लंबे समय तक चली तलाशी अभियान के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया।
भले ही आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी रही, लेकिन ED ने अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम ने उनके ठिकानों पर लंबे समय तक पूछताछ और तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
बता दें, अरोड़ा को भगवंत मान मंत्रिमंडल के सबसे ताकतवर मंत्रियों में से एक माना जाता है और उन्हें AAP सरकार तथा राज्य के उद्योगपतियों के बीच एक अहम कड़ी के तौर पर देखा जाता है। वहीं सूत्रों की मानें तो ईडी की रेड संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर अभी भी जारी है।
20 गाड़ियों में पहुंचे ईडी के अधिकारी
जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित संजीव अरोड़ा के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। रेड के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब तीन दर्जन CIA और स्पेशल फोर्स (SF) के जवानों को तैनात किया गया। सूत्रों के अनुसार, चंडीगढ़ के अलावा दिल्ली, गुरुग्राम और लुधियाना स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के कार्यालय परिसरों सहित कुल 5 ठिकानों पर तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि ईडी संजीव अरोड़ा और उनकी कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से 100 करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल फोन की फर्जी GST खरीद दिखाई गई। इसके बाद अवैध धन को दुबई भेजा गया और फिर वहां से निर्यात (Export) के नाम पर वापस भारत लाया गया, जिसे 'राउंड ट्रिपिंग' कहा जाता है। बता दें, AAP नेता के यहां यह तीसरी तलाशी थी। इससे पहले, एक और तलाशी अभियान लगभग एक महिने पहले चलाया गया था।
बता दें, पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी से कुछ देर पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर निशाना साधा था। सीएम भगवंत मान ने ईडी द्वारा संजीव अरोड़ा के खिलाफ छापेमारी किए जाने के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी अपने राजनीतिक मकसद पूरे करने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं।