BREAKING: दिल्ली के टिकरी कलां में CNG पंप पर ब्लास्ट, 3 की मौत 6 घायल; गैस रिफिलिंग के दौरान ट्रक में हुआ जोरदार धमाका
दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में एक ट्रक में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। जिसकी चपेट में आने से 3 शख्स की मौत हो गई और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना दमकल विभाग को दोपहर 3:37 बजे मिली। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
- भारत
- 3 min read
दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में एक सीएनजी (CNG) पंप पर खड़े ट्रक में अचानक धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि सीएनजी पंप पर ट्रक में गैस की रिफिलिंग हो रही थी। इसी दौरान अचानक धमाका हो गया। इस हादसे में 3 की मौत और 6 लोगों के घायल होने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दमकल विभाग को दोपहर 3:37 बजे आग लगने की आपातकालीन कॉल मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर मौजूद दमकल की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने और घायलों को तुरंत सहायता पहुंचाने में जुटी हुई हैं।
गैस भरते समय हुआ अचानक विस्फोट
हादसा दोपहर के समय हुआ जब एक ट्रक सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर आया था। जैसे ही कर्मचारी ने ट्रक में गैस भरने का पाइप लगाया और प्रेशर चालू हुआ, वैसे ही एक भीषण धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़े कर्मचारियों और लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में पंप पर काम करने वाले दो कर्मचारियों 25 वर्षीय मनीष और 32 वर्षीय सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा एक अन्य व्यक्ति की इलाज के दौरान जान चली गई।
आग न लगना बना राहत की बात
धमाके के बाद चारों तरफ धुएं का गुबार और चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इतने बड़े ब्लास्ट के बावजूद सीएनजी पंप पर आग नहीं लगी। यदि गैस रिसाव के कारण आग पकड़ लेती, तो पूरे इलाके में एक भयावह तबाही मच सकती थी।
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने फौरन गैस की मुख्य सप्लाई बंद की और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
Advertisement
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह हादसा सीएनजी सिलेंडर के अत्यधिक प्रेशर या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ होगा। पुलिस और एक्सपर्ट्स की फॉरेंसिक टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है ताकि धमाके के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें - Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी... इस दिन खाते में ट्रांसफर होंगे 2500 रुपये, जानिए तारीख
Advertisement
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)