अपडेटेड 4 April 2024 at 22:22 IST
आतिशी के बाद अब संजय सिंह करने वाले हैं बड़ा खुलासा, कल 10 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
Delhi News: आतिशी के बाद अब AAP नेता संजय सिंह ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है।
- भारत
- 3 min read

Delhi News: आतिशी के बाद अब AAP नेता संजय सिंह ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। संजय सिंह कल सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। आपको बता दें कि AAP नेता कल, 3 अप्रैल को जेल से रिहा हुए थे।
'अन्याय से लड़ने का संकल्प मजबूत हुआ'
इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि जेल में छह महीने बिताने के बाद उनका मनोबल बढ़ा है और साथ ही "अन्याय एवं तानाशाही" के खिलाफ लड़ने का संकल्प मजबूत हुआ है।
जमानत मिलने के बाद बुधवार को तिहाड़ जेल से बाहर आए सिंह ने पीटीआई-भाषा से कहा कि जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन भी जल्द रिहा होंगे।
सिंह 13 अक्टूबर, 2023 से राष्ट्रीय राजधानी की उच्च सुरक्षा वाली जेल में बंद थे। उन्हें पिछले साल चार अक्टूबर को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था। उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को उन्हें जमानत दे दी थी। केजरीवाल और सिसोदिया को भी इसी मामले में गिरफ्तार किया गया है, जबकि जैन धनशोधन के एक अलग मामले में जेल में बंद हैं।
Advertisement
'अत्याचार, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज उठाई'
सिंह ने कहा, ''हमने हमेशा अत्याचार, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है। चाहे वह किसानों का मुद्दा हो, महंगाई हो, मणिपुर हिंसा हो या दिल्ली से जुड़े मुद्दे हों, हमने हमेशा उनके बारे में बात की है और छह महीने बाद भी ऐसा करना जारी रखेंगे।''
उन्होंने यहां आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय में पीटीआई-भाषा से कहा, "इस लड़ाई से मुझे अधिक ताकत और आत्मविश्वास मिला है तथा मेरा मनोबल सातवें आसमान पर है। मुझे जेल में पढ़ने का मौका मिला।" सिंह ने केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देने के बारे में अपनी पार्टी का रुख दोहराया। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद इस महीने की शुरुआत में, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा था कि "सरकार जेल से नहीं चलेगी"।
Advertisement
'केजरीवाल को जेल में डालकर....'
सक्सेना की बात को खारिज करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘क्या केजरीवाल को दिल्ली के एलजी (उपराज्यपाल) ने चुना है? दिल्ली की दो करोड़ जनता ने मुफ्त शिक्षा, मुफ्त पानी, मुफ्त बस यात्रा और युवाओं को रोजगार देने के लिए केजरीवाल को चुना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देश में सबसे अच्छा काम कर रहे हैं। क्या उन्हें इसलिए इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि भाजपा ऐसा कह रही है? वे इस तरह का चलन शुरू करेंगे।’’
उन्होंने कहा, "वे (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके) स्टालिन, (तेलंगाना के मुख्यमंत्री) रेवंत रेड्डी, (पंजाब के मुख्यमंत्री) भगवंत मान को गिरफ्तार करेंगे और उनसे इस्तीफा देने के लिए कहेंगे। इस तरह, कोई भी पार्टी (भाजपा के अलावा) नहीं बचेगी। यह कैसा मजाक है? दो झूठी प्राथमिकी दर्ज करें और उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहें।" सिंह ने कहा कि अगर यह चलन शुरू हुआ तो लोकतंत्र और जनादेश नहीं बचेगा। उन्होंने सवाल किया, ''क्या हम भाजपा के मुताबिक काम करेंगे?'' भाजपा को "बंगारू जनता पार्टी" बाते हुए उन्होंने कहा कि इससे सीखने लायक कुछ नहीं है।
वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण का जिक्र कर रहे थे जिन्हें भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। सिंह ने कहा, ''हमें केवल देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए उनसे लड़ना है।'' पार्टी के भविष्य को लेकर पूछे गए सवालों पर सिंह ने कहा कि भाजपा अगर यह सोचती है कि वह केजरीवाल को जेल में डालकर दिल्ली के लोगों के लिए काम करने से रोक सकती है, तो वह सफल नहीं होगी।
(इनपुटः PTI भाषा के साथ रिपब्लिक भारत)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 4 April 2024 at 21:45 IST