मल्लिकार्जुन खड़गे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' वाले बयान पर मचा बवाल, पटना में शिकायत दर्ज; आज देशभर में बीजेपी का प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम मोदी के दिवंगत पिता पर दिए बयान की बाजेपी ने कड़ी निंदा की है। इसके विरोध में आज देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया गया है।
- भारत
- 7 min read

BJP to hold Protest Nationwide: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए बयान पर सियासी विवाद बढ़ गया है। इस टिप्पणी को लेकर खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज हो चुकी है। एक तरफ जहां बीजेपी ने सोमवार को इस बयान के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के कई नेता सफाई पेश कर खड़गे के बचाव में उतर आए हैं।
बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने 25 अक्टूबर को पटना के कोतवाली थाने में खड़गे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया है कि खड़गे ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री और उनके पिता को लेकर अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है।
बीजेपी का देशभर में प्रदर्शन का ऐलान
एक एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने सभी राज्यों में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। एक बयान में कहा गया है, 'पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता के बारे में अपमानजनक, अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बीजेपी सोमवार को देश के सभी स्टेट हेडक्वार्टर पर जोरदार प्रदर्शन करेगी।'
इसके अलावा बीजेपी की ओर से खड़गे का पुतला फूंकने का भी ऐलान है। 26 अक्टूबर की सुबह पटना के इनकम टैक्स सर्कल पर पुतला जलाया जाएगा।
Advertisement
खड़गे के बयान पर बीजेपी नेताओं का पलटवार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने खड़गे के इस बयान की कड़ी आलोचना की है।
अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 सालों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।'
Advertisement
ऐसी भाषा कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन- नितिन
वहीं बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक्स पर लिखा, 'पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली 'संस्कार' बन चुका है। यह खड़गे का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है। जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जन कल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।'
PM के प्रति कांग्रेस की नफरत जगजाहिर- धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कांग्रेस पार्टी की नफरत जगजाहिर है। इसी नफरती सोच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिताजी को लेकर जो अभद्र टिप्पणी की है, ये कांग्रेस की गिरती साख और बढ़ती हताशा को दिखाता है। जिस पद की जिम्मेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक शालीनता को बनाए रखने की है, उसी पद से ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीतिक विरोध में मर्यादा भूल चुकी कांग्रेस अब नीतियों और विचारों के आधार पर मुकाबला करने की बजाय केवल व्यक्तिगत अपमान का सहारा ले रही है।'
उन्होंने आरोप लगाया, ‘पहले प्रधानमंत्री जी की स्वर्गीय माताजी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद अब उनके दिवंगत पिताजी को लेकर ऐसी टिप्पणी करना कांग्रेस के राजनीतिक आचरण पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री जी का विरोध करने के लिए मुद्दे और तर्क समाप्त हो चुके हैं? खड़गे जी, प्रधानमंत्री के प्रति जनता का स्नेह कांग्रेस की बौखलाहट बढ़ा रहा है। मगर ये याद रखिए, जनता का विश्वास कांग्रेस की कुंठा से बड़ा है और लोकतंत्र में जनादेश का अपमान करके जनसमर्थन कभी हासिल नहीं किया जा सकता।’
कांग्रेस ने किया खड़गे का बचाव
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने मल्लिकार्जुन खड़गे का बचाव किया है। उन्होंने कहा, 'मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दूसरी बार संघ और भाजपा के लोगों ने अपमानजनक व्यवहार किया है। पहले उत्तराखंड में शुद्धिकरण जैसा घिनौना काम किया क्योंकि वे (मल्लिकार्जुन खरगे) दलित हैं। आज बिहार में जब मल्लिकार्जुन खड़गे भाषण दे रहे थे, तब भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बदतमीजी से कहा कि 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे; अगर तुम्हारे पिता भी आ जाएं, तो भी वे नहीं जाएंगे।' एक अनुभवी और वरिष्ठ नेता के लिए इतनी बेतुकी और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जवाब दिया कि ‘मोदी जरूर जाएंगे और उनके पिता भी जाएंगे’। यहां उनका इशारा उनके वैचारिक पिता यानी संघ और मोहन भागवत की ओर था। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का बार-बार हो रहा अपमान सीधे पीएम मोदी और अमित शाह के इशारे पर हो रहा है।'
क्या है पूरा मामला?
बिहार के पटना में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन में हंगामा हुआ। कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि PM मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इसके जवाब में खड़गे ने कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा।' इसके बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।