धरती से मिट जाएगा पाकिस्तान? BJP के सांसद ने बता दी तारीख, कब और कैसे PAK के होंगे 4 हिस्से
निशिकांत दुबे ने कहा कि 2025 के बाद पाकिस्तान नाम का देश धरती से मिट जाएगा। झारखंड के देवघर में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद ने ये दावा किया।
- भारत
- 2 min read

India-Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात में भारतीय जनता पार्टी के सांसद ने बड़ा बयान दे दिया है। बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने पाकिस्तान के खात्मे की भविष्यवाणी की है। ये बयान इसलिए अहम हो जाता है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। किसी भी समय भारत की तरफ से पाकिस्तान पर बड़ा एक्शन लिया जा सकता है। इसी दौर में निशिकांत दुबे ने पाकिस्तान के धरती से मिट जाने की तारीख भी बताई है।
निशिकांत दुबे ने कहा, 'मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि 2025 के बाद पाकिस्तान नाम का देश धरती से मिट जाएगा।' झारखंड के देवघर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद ने दावा किया कि पाकिस्तान ने जो कश्मीर का हिस्सा लिया है, वो भारत का है और उसे वापस लिया जाएगा। इसके अलावा पाकिस्तान खंडित होकर बलूचिस्तान, पखूनिस्तान और पंजाब नामक देशों में बंट जाएगा।' निशिकांत दुबे ने आगे कहा कि ये मोदी की गारंटी है।
पाकिस्तानी नागरिकों पर बोले निशिकांत दुबे
भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के बारे में सांसद निशिकांत दुबे कहते हैं, 'जब वीजा रद्द करने की प्रक्रिया शुरू हुई तो दो तरह के वीजा सामने आए और इस पर गहन जांच की जरूरत है। पाकिस्तानी लड़कियों की शादी यहां हुई है और वो भारत की नागरिक नहीं बन सकती हैं और सालों से यहां रह रही हैं। यहां तक कि पाकिस्तानी पुरुषों की भी शादी भारत में हुई है। इन शादियों के पीछे क्या मकसद है, इसकी जांच होनी चाहिए। क्या इन देशों में वैवाहिक संबंध नहीं हैं? जो लोग 1947 में पाकिस्तान चले गए, उनकी संपत्तियां शत्रु संपत्ति अधिनियम के तहत सरकार ने अपने कब्जे में ले लीं। क्या इसका मतलब ये नहीं है कि पाकिस्तान में अपनी बेटियों की शादी करने वाले भारतीय और भारत में अपनी बेटियों की शादी करने वाले पाकिस्तानी इस देश के दुश्मन हैं? हमें पहले उनसे निपटना होगा।'
सोमवार सुबह को बीजेपी सांसद ने दावा किया कि 5 लाख से ऊपर पाकिस्तानी लड़की भारत में शादी करके हिंदुस्तान में रह रही हैं। 'X' पर लिखे पोस्ट में निशिकांत ने कहा- 'पाकिस्तानी आतंकवाद का एक नया चेहरा अब सामने आया है। लगभग 5 लाख से उपर पाकिस्तानी लड़की भारत में शादी कर हिंदुस्तान में रह रही हैं। आजतक उनको भारत की नागरिकता नहीं मिली है।'