अपडेटेड 22 February 2025 at 14:44 IST
नीतीश कुमार में कौन सी शक्ति आई? बिहार में तेजी से हलचल, बीजेपी के नेता भी सार्वजनिक मंच से कर रहे तारीफ
दिलीप जायसवाल ने कहा कि दैवीय शक्ति नीतीश कुमार जी के साथ है, जो अच्छा काम करना है, उसके साथ दैवीय शक्ति होता है। मुझे यही एहसास हो रहा है।
- भारत
- 3 min read

Bihar News: बिहार में इसी साल में विधानसभा के चुनाव होने हैं और बीजेपी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास दैवीय शक्ति दिखने लगी है। इसमें कोई दोराय नहीं है कि बिहार चुनावों से पहले बीजेपी पूरी तरह नीतीश कुमार के बांधे रखने में लगी है। सार्वजनिक मंचों से नीतीश कुमार की तारीफें की जा रही हैं, जिसमें बीजेपी की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का हालिया बयान भी जुड़ गया है। दिलीप जायसवाल ने नीतीश कुमार के पास सुपरपावर की बात की है। इस बयान की बिहार में तेजी से चर्चा हो रही है।
बीजेपी लीडर दिलीप जायसवाल पिछले दिन जदयू कार्यालय गए थे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पार्टी की नीतियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए बिहार के विकास को लेकर NDA की प्रतिबद्धता को दोहराया। जायसवाल ने संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। इसी बीच दिलीप जायसवाल ने नीतीश कुमार की खुलकर तारीफ की।
नीतीश कुमार को लेकर दिलीप जायसवाल ने क्या-क्या बोला?
दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- 'जैसे बोलते हैं जो चीज सोची वो मिल गई। खगड़िया के लोगों के लिए सपना था, सोच भी नहीं सकता था कि मेडिकल कॉलेज होगा। कभी सोच सकते थे कि 40 मेडिकल कॉलेज बिहार में हो जाए। ये कोई मामूली बात नहीं है।लगता है कि नीतीश कुमार जी को दैवीय शक्ति आ गई है। कुछ तो है। एकाएक उनके अंदर दैविक शक्ति आई है कि पूरे देश में इस तरह जो विकास की प्रगति की स्पीड है वो मैंने नहीं देखी। नीतीश कुमार प्रगति यात्रा कर रहे हैं, जिसमें वो तेजी गति से काम कर रहे हैं। ये दैवीय शक्ति वाले ही लोग कर सकते हैं।'
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने कहा- 'बिहार को विकसित बिहार बनाने के लिए उन्होंने जो इच्छा शक्ति प्रगति यात्रा पर दिखाई है, एक राजनीतिक दल के अध्यक्ष से अलग हटकर एक व्यक्ति के रूप में भी मैं इस बात को देखकर अचंभित हूं। पूरे देश में इस तरह जो विकास की प्रगति की स्पीड है वो मैंने नहीं देखी। दैवीय शक्ति नीतीश कुमार जी के साथ है, जो अच्छा काम करना है, उसके साथ दैवीय शक्ति होता है। मुझे यही एहसास हो रहा है।'
Advertisement
दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की
एनडीए की बैठक को लेकर भी दिलीप जायसवाल ने जवाब दिया। जायसवाल कहते हैं, 'राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जिलावार संयुक्त कार्यकर्ता बैठक का 5वां चरण सफलतापूर्वक चल रहा है। इसकी जानकारी देने के लिए ये प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जदयू ने जब संयुक्त कार्यकर्ता बैठक शुरू की थी तो हमने ये अनुमान नहीं लगाया था कि सभी 5 मंडलों से प्रत्येक जिले में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद होंगे।' इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से भी दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की।
Advertisement
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 22 February 2025 at 14:44 IST