'सालों-साल पूजा होती है, कभी-कभी ऐसे हादसे...', कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ को लेकर बोले दिलीप घोष, कहा- छानबीन होनी चाहिए
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल हादसे को कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों में कभी-कभार ऐसी घटना हो जाती है।
- भारत
- 4 min read

Dilip Ghosh on Kolkata Stampede: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई है, जिस पर पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि ऐसे बड़े आयोजनों में थोड़ी सी चूक के कारण इस तरह के हादसे हो जाते हैं।
दिलीप घोष ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल जैसे बड़े आयोजनों में जहां सालों-साल पूजा चलती है, कभी-कभी ऐसे हादसे हो जाते हैं। सावधानी में थोड़ी सी भी चूक इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है। उन्होंने यह कहा कि हमारे देश के कई बड़े धार्मिक स्थलों पर जहां भारी भीड़ उमड़ती है, वहां समय-समय पर ऐसी अप्रिय घटनाएं देखने को मिलती हैं, जो बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।'
इलाज के किए गए व्यापक इंतजाम- दिलीप घोष
उन्होंने कहा कि भविष्य में इन्हें रोकने के लिए आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और मुख्य सचिव सहित सरकार के प्रतिनिधि, साथ ही हमारी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष और कई अन्य मंत्री व नेता घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। इलाज के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही- दिलीप
दिलीप घोष ने यह भी कहा कि जिन लोगों के साथ ऐसी घटना हुई है उनके परिवार के लिए यह बहुत कष्टदायी है। उन्हें मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। सरकार की जो जिम्मेदारी है वह निभा रही है। मुख्यमंत्री ने खुद घोषणा की है।
Advertisement
'राजनीति करने वाले करते रहेंगे'
इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'राजनीति करने वाले लोग राजनीति करेंगे। इतनी जगह पूजा हो रही है और हर जगह पुलिस है। लाखों लोग रास्ते में उतरकर घूम रहे हैं, कही कुछ नहीं हुआ। लेकिन कभी-कभार हो जाता है और इसलिए इसे दुर्घटना कहते हैं। हालांकि ऐसा नहीं होना चाहिए। आयोजकों को ध्यान देने की जरूरत है। किसकी गलती के कारण इतनी बड़ी घटना हुई इसकी छानबीन होनी चाहिए।'
TMC नेता कुणाल घोष ने उठाए सवाल
इससे पहले टीएमसी नेता कुणाल घोष ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा था, 'मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में 19 शव रखे हैं, जिनका पोस्टमार्टम होना है। हम चाहते हैं कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाए। पुलिस के सहयोग से ऐसा हो, ताकि पीड़ित परिवार बिना किसी परेशानी के अंतिम संस्कार कर सकें।'
Advertisement
'शाह के दौरे से पहले मरीजों को किया शिफ्ट'
उन्होंने आगे आरोप लगाया, 'मेडिकल कॉलेज में कोई घायल नहीं है। रात में इलाज करा रहे कम से कम 13 लोगों को अपोलो अस्पताल भेज दिया गया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि जब अमित शाह इस चमचमाते और बेदाग अस्पताल का दौरा करें, तो उन्हें लगे कि सरकार बहुत बढ़िया काम कर रही है। इसके अलावा कोई और इन घायलों से मिल भी नहीं पाएगा। अनौपचारिक तौर पर सभी को चुप रहने के लिए कह दिया गया है। घटना के बारे में कोई बयान या जानकारी बाहर नहीं आएगी।'
जिम्मेदार अधिकारियों की नहीं हुई गिरफ्तारी- कुणाल
कुणाल घोष ने कहा कि पूजा समिति के मुख्य पदाधिकारियों और पुलिस तथा नगर पालिका के उन जिम्मेदार अधिकारियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है जिनकी लापरवाही सामने आई है। खबर है कि कुछ निचले स्तर के लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो शायद सिर्फ लोगों के सामने 'पहचान' कराने का एक दिखावा भर है।