बिहार के बक्सर में 'रक्तचरित्र', आपसी विवाद में गोली मारकर एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या; पूरे गांव में पसरा सन्नाटा
विनोद यादव और सुनील यादव की गांव के कुछ लोगों से इस कारोबार को लेकर तीखी बहस हुई थी। यह बहस रात भर में हिंसा में तब्दील हो गई और शनिवार की सुबह उसका खौफनाक अंजाम सामने आया।
- भारत
- 3 min read

बिहार का बक्सर जिला रक्तरंजित हो गया है। यहां शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में आपसी विवाद ने उस वक्त खूनी रूप ले लिया, जब एक ही परिवार के तीन लोगों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक घटना के पीछे गांव में गिट्टी और बालू का व्यवसाय को लेकर विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को अहियापुर के निवासी विनोद यादव और सुनील यादव की गांव के कुछ लोगों से इस कारोबार को लेकर तीखी बहस हुई थी। यह बहस रात भर में हिंसा में तब्दील हो गई और शनिवार की सुबह उसका खौफनाक अंजाम सामने आया।
सुबह के वक्त जब विनोद सिंह यादव, सुनील सिंह यादव और वीरेंद्र सिंह यादव नहर किनारे टहल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हमला इतनी तेजी से हुआ कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले हमलावर फरार हो गए। इस हमले में दो अन्य लोग, मंटू सिंह और पुंज सिंह यादव, गंभीर रूप से घायल हो गए। मंटू के पेट और पैर में गोली लगी है, जबकि पुंज सिंह के पेट में गोली लगी। दोनों को पहले कोचस स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें वाराणसी के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच में जुटी
हत्या की इस घटना के बाद अहियापुर गांव में मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश और व्यवसायिक टकराव से जुड़ा प्रतीत होता है। हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Advertisement
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Advertisement
घटना की खबर आग की तरह फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना से आहत परिजनों एवं ग्रामीणों ने चौसा कोचस मुख्य पथ को जलहरा बाजार के समीप जाम कर दिया है। वहीं जलहरा कौवा खोंच मुख्य पथ पर भी गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई है। घटनास्थल पर पहुंचे थाना अध्यक्ष संतोष कुमार शांति व्यवस्था कायम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। फिर भी परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे डीएसपी धीरज कुमार एवं एसपी शुभम आर्य मामले की गहन जांच पड़ताल में लगे हुए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है।
इसे भी पढ़ें- साधु वेश में आई महिला ने दुकानदार को थमाया खराब पंखा, खोलते ही निकला 'Made In Pakistan'; यूपी के मथुरा में मचा हड़कंप