10 साल की सजा, 1 करोड़ तक का जुर्माना... पेपर लीक के खिलाफ आज बिहार विधानसभा में पेश होगा अहम बिल
आज बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन काफी अहम है। नीतीश सरकार तीन बिल पेश करने जा रही है, जिसमें एक बिल पेपर लीक से संबंधित है।
- भारत
- 2 min read

Bihar News: आज बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन काफी अहम होने वाला है। नीतीश सरकार तीन बिल पेश करने जा रही है, जिसमें एक बिल पेपर लीक के रोकथाम से संबंधित है।
बिहार विधानसभा में मानसून सत्र के तीसरे दिन कई अहम विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त नियमों वाले विधेयक में प्रावधान किया गया है कि पेपर लीक या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि में शामिल होने वाले को इस कानून के तहत दोषी करार दिया जाएगा और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नीतीश सरकार लाने जा रही कड़ा कानून
इस विधेयक के तहत दोषी पाए जाने पर 3 से 10 साल तक की सजा और 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस कानून के अंतर्गत सभी अपराध संज्ञेय और गैरजमानती होंगे। इसके अलावा पेपर लीक के मामलों की जांच अब डीएसपी रैंक के अधिकारी करेंगे।
बिहार विधानसभा में आज पेश होंगे ये विधेयक
बता दें कि बिहार में नीट पेपर लीक मामले के बाद इस पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने सख्त कानून लाने का फैसला किया है। सूबे की सरकार 24 जुलाई को जो तीन बिल पेश करने जा रही है, उसमें बिहार लोक परीक्षा विधेयक 2024, बिहार माल और सेवा कर विधेयक 2024, बिहार लिफ्ट एवं एस्केलेटर विधेयक 2024 शामिल है।