बिहार में बवाल, तेजस्वी यादव के मंच पर दिखा शार्प शूटर, फोटो वायरल; भड़की BJP ने उठाए सवाल
सीवान में तेजस्वी यादव के साथ मंच पर शार्प शूटर की एक फोटो वायरल हो रही है। अब BJP इसे लेकर तेजस्वी पर हमला बोल रही है।
- भारत
- 2 min read

Bihar Politics: बिहार के पूर्व डिप्टी CM और RJD नेता तेजस्वी यादव राज्य की जनता का भरोसा जीतने के इन दिनों जन विश्वास यात्रा पर हैं। उन्होंने बीते दिनों पटना से अपनी यात्री की शुरुआत की। गुरुवार को उनकी यात्रा बिहार के सिवान पहुंची थी। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ मंच पर कई लोग मौजूद थे। मंच से तेजस्वी की एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें एक शार्प शूटर नजर आ रहा है।
सिवान के टड़वा स्थित खैल मैदान पर तेजस्वी यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। मंच पर तेजस्वी के साथ पूर्व स्पीकर अवध बिहारी चौधरी भी नजर आ रहे हैं। मगर उसी मंच पर एक शार्प शूटर भी मौजूद है। अब यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में तेजस्वी यादव भाषण देते दिख रहे हैं तो वहीं मंच पर शार्प शूटर मोहम्मद कैफ उर्फ बंटी भी दिख रहा है। BJP इसे लेकर तेजस्वी पर हमला बोल रही है।
तेजस्वी के मंच पर शार्प शूटर मोहम्मद कैफ
बीजेपी नेता निखिल आनंद ने तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर लिखा है, राजद का दृष्टिकोण और मूल तत्व अब भी वही है। राजद खुद को लुम्पेन, आपराधिक और विकास विरोधी बुरे तत्वों से कभी भी अलग नहीं कर सकता है। तेजस्वी शार्प शूटर के साथ राज्य का दौरा कर रहे हैं और अपराधियों के साथ मंच साझा कर रहे हैं। बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था में राजद का योगदान है।
कौन है शार्प शूटर मोहम्मद कैफ?
बता दें कि शार्प शूटर मोहम्मद कैफ वही शख्स है जिस पर पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या का आरोप लगा था। मोहम्मद कैफ राजदेव रंजन की हत्या का संदिग्ध साजिशकर्ता है। उसे शहाबुद्दीन का भी सहयोगी माना जाता था। उसने 21 सितंबर 2016 में सिवान की एक अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। वो सिवान में एक क्रिकेट अकेडमी भी चलाता है मगर बंटी का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है।
Advertisement
यह भी पढ़ें: युवा विधायक की मौत, एक साल से बार-बार दे रही थीं मात