Telangana: युवा विधायक की मौत, एक साल से बार-बार दे रही थीं मात लेकिन इस बार हार गई जिंदगी
Telangana के सीएम ने एक्स पर दुख जताया और हैरानी भी। उन्होंने इसी महीने में पिछले साल पिता की मौत का भी जिक्र किया।

G Lasya Nanditha Road Accident: तेलंगाना की सिकंदराबाद कैंट सीट से बीआरएस विधायक जी. लस्या नंदिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार तड़के हादसा हुआ। जिसने भी सुना वो स्तब्ध रह गया। महज 36 साल की थीं।
हैदराबाद के नेहरू आउटर रिंग रोड पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। विधायक लस्या नंदिता की कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद सामने आई तस्वीर में उनकी कार का अगला हिस्सा चकनाचूर दिख रहा है।
बार-बार दी मौत को मात लेकिन...
पिछले लगभग एक साल से दो बार ऐसा हुआ कि वो बाल बाल बचीं। 10 दिन पहले कार एक्सिडेंट में तो कुछ महीनों पहले लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसी रहीं। 13 फरवरी को नारकेटपल्ली में हुए सड़क हादसे में वो बमुश्किल बचीं। इस सड़क हादसे में उन्हें मामूली चोट आई थीं।
तब वो पूर्व मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की सार्वजनिक बैठक में भाग लेने के लिए नलगोंडा जा रही थीं। तभी नारकेटपल्ली में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें उनके होम गार्ड जी किशोर की मौत हो गई थी।
Advertisement
गिर गई थी लिफ्ट, फंसी रहीं फिर निकलीं बाहर
2023 दिसंबर में नंदिता सात लोगों के साथ लिफ्ट में फंस गई थीं। जरूरत से ज्यादा लोगों के सवार होने के कारण लिफ्ट गिर गई थी, जिसके चलते वे उसके अंदर ही फंस गईं। यह घटना 24 दिसंबर को बोवेनपल्ली के एक अस्पताल में हुई, जहां नंदिता अस्पताल की सालगिरह समारोह में शामिल हुई थीं।
तब विधायक के एक करीबी सहयोगी ने बताया था कि वे लोग 20 मिनट से ज्यादा समय तक लिफ्ट में फंसे रहे। इसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Advertisement
पिछले साल पिता ने इसी महीने तोड़ा दम- रेवंत रेड्डी
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने एक्स पोस्ट पर एक और हैरान करने वाली बात बताई। ऐसा दर्दनाक इत्तेफाक जो विधायक पिता से जुड़ा है। उनका भी निधन 2023 फरवरी में हुआ था। उन्होंने लिखा- "कैंट विधायक लास्या नंदिता की असामयिक मृत्यु से मुझे गहरा सदमा लगा। नंदिता के पिता स्वर्गीय सयन्ना के साथ मेरे करीबी रिश्ते थे। पिछले साल इसी महीने में उनका निधन हो गया...यह बहुत दुखद है कि नंदिता की भी मौत हो गई...उसी महीने अचानक उनकी मृत्यु हो गई। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ... मैं ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति देने की प्रार्थना करता हूँ।"
नंदिता पांच बार के विधायक जी सायान्ना की बेटी थीं, जो पांच बार के विधायक थे। वो भी सिकंदराबाद कैंट सीट से पांचवीं बार विधायक बने थे। नंदिता ने बीजेपी उम्मीदवार को 17 हजार वोटों से हराकर जीत हासिल की थी।