सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री तो बन गए लेकिन इनको ज्ञान नहीं...महिला आरक्षण बिल पर तेजस्वी का बिहार CM पर निशाना, जानिए क्यों लिया PMO का नाम
महिला आरक्षण बिल को लेकर सम्राट चौधरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, वो मुख्यमंत्री तो बन गए हैं, लेकिन उनकी समझ में ये बिल नहीं आया।
- भारत
- 4 min read

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण बिल पास न कराने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी और समाजवादी पार्टी ने महिलाओं का हक मारा है। वहीं, RJD पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव की पार्टी तो पहले से ही महिला विरोधी रही है, अब अन्य दल भी उनका साथ दे रहे हैं। सीएम सम्राट चौधरी के आरोपों पर तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है।
पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "कांग्रेस, TMC समेत कुछ और पार्टियों की नीति है कि अपनी बहन-बेटी-पत्नी सांसद-विधायक बन जाएं, लेकिन देश की बाकी महिलाओं को उनका हक न मिले। यही वजह है कि विपक्ष ने बिल पारित नहीं होने दिया।"
महिला आरक्षण बिल पर क्या बोले सम्राट चौधरी?
CM सम्राट चौधरी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा, "बिहार विधानसभा में सिर्फ 29 महिला विधायक हैं। अगर यह बिल पास हो जाता, तो कम से कम 122 विधायक होतीं। प्रधानमंत्री मोदी लगातार महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। जब 2006 में बिहार में NDA की सरकार बनी थी, तो पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण दिया गया था।"
सांसद में महिला सांसदों की संख्या बढ़ान की कोशिश
बिहार सीएम ने आगे कहा, "आज मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि बिहार में 50% आरक्षण है लेकिन बिहार में 59% से ज़्यादा महिलाएं चुनाव जीत रही हैं लोग कहते हैं कि बिल पहले पास हो गया था। PM मोदी की सरकार आश्वासन दे रही थी। अमित शाह भी आश्वासन दे रहे थे कि बिल के माध्यम से 543 सांसद की जगह पर 816 और फिर इसे 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव था। अगर यह बिल पास हो जाता, तो देश में 816 सांसदों में से 272 सांसद महिलाएं होतीं।"
Advertisement
लालू यादव की पार्टी तो महिला विरोधी है- सम्राट चौधरी
लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी पर भड़कते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि 'लालू यादव की पार्टी तो पहले भी महिला विरोधी रही है। वहीं राहुल गांधी की बहन सांसद बन सकती हैं, लेकिन दूसरी बहन लोकसभा में जीत कर जाए ये कांग्रेस नहीं चाहती।'
तेजस्वी का सम्राट चौधरी को पलटवार
अब बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने सीएम सम्राट चौधरी पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, "सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए हैं, लेकिन उनकी समझ में ये बिल नहीं आया। महिलाओं की आड़ में ये लोग परिसीमन करना चाहते थे। मुख्यमंत्री बन गए हैं लेकिन करेंगे क्या? जो गुजराती भाई कहेंगे वही करेंगे। इनको चलाने के लिए दिल्ली से PMO से लोग आ रहे हैं।"
Advertisement
बिहार को चलाने PMO से लोग आ रहे हैं-तेजस्वी
तेजस्वी ने सवाल किया, "3 साल पहले बिल पास हो गया था, तो राष्ट्रपति से साइन क्यों नहीं करवाया? इंप्लीमेंट क्यों नहीं किया गया?" तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार को चलाने के लिए पीएमओ से लोग आ रहे हैं। "जो दो लोग (नरेंद्र मोदी और अमित शाह) चाहेंगे, वही होगा।" उन्होंने दावा किया कि लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव, सबसे ज्यादा महिलाओं को टिकट हमारी पार्टी ने दिया।