अपडेटेड 3 November 2025 at 15:10 IST
जिंदगी भर मछली पकड़ते रह जाएंगे, कभी जलेबी छानते हैं, उन्हें रसोइया होना चाहिए, नेतागिरी...'; तेज प्रताप ने राहुल पर किया तंज, VIDEO
राहुल गांधी के मछली पकड़ने वाले वीडियो पर तंज कसते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि वो जिंदगी भर मछली ही पकड़ते रह जाएंगे और देश अंधकार में चला जाएगा।
- भारत
- 3 min read

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो बिहार के बेगूसराय का है। शनिवार को राहुल बिहार चुनाव के प्रचार के लिए बेगूसराय पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करने के बाद राहुल मछुआरों से मिलने पहुंचे। इसके बाद राहुल गांधी खुद तालाब में उतर गए और स्थानीय मछुआरों के साथ मिलकर पारंपरिक तरीके से मछली पकड़ी। अब तेज प्रताप यादव ने इसे लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा है।
कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर इसका वीडियो भी शेयर किया है। राहुल गांधी के साथ वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी और कन्हैया कुमार भी नजर आए थे। इस दौरान मछली पकड़ने के साथ ही राहुल गांधी ने मछुआरों से बातचीत भी की और उनके काम से जुड़ी चुनौतियों और उनकी समस्या को जाना। हालांकि, इस पर बिहार सरकार में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
वो जिंदगी भर मछली ही पकड़ते रह जाएंगे- तेज प्रताप
जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी को लेकर कहा, "वो जिंदगी भर मछली ही पकड़ते रह जाएंगे और देश अंधकार में चला जाएगा। रोजगार की बात करें, यहां रोजगार मिल ही नहीं रहा। जलेबी छानने से, मछली पकड़ने से वही जानेंगे उन्हें रसोइया होना चाहिए था, नेतागिरी में क्यों आ गए।"
राहुल गांधी के मछली मारने से कुछ नहीं होगा-BJP
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, "राहुल गांधी मछली मारते रहें, कुछ होने वाला नहीं है। बिहार प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। बिहार के लोग NDA को वोट दे रहे हैं और हम सरकार बना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सही कहा है कि तेजस्वी यादव ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित करवा लिया।"
Advertisement
मछली से कम वोट मिलेगा-रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने राहुल गांधी के मछली पकड़ने वाले वीडियो पर चुटकी लेते हुए कहा, "उनके हाथ कल जितनी मछली लगी हैं उससे कम ही वोट उन्हें मिलेंगी। हम वोट पकड़ रहे हैं, वो मछली पकड़ रहे हैं। हम लोगों से जाकर मिल रहे हैं।"
VIP के संस्थापक और महागठबंधन की तरफ से बिहार के उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा, "राहुल गांधी मछुआरा समाज का कष्ट देखने के लिए गए थे। इससे NDA को पेट में दर्द हो रहा है। ये निषाद समाज का अपमान है। निषाद समाज का संघर्ष राहुल गांधी देखना चाह रहे हैं और उसपर कोई कटाक्ष कर रहा है तो ये निषाद समाज का अपमान है।"
Advertisement
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 3 November 2025 at 15:10 IST