अपडेटेड 17 August 2025 at 09:01 IST
Bihar: राहुल गांधी की 'वोट अधिकारी यात्रा' आज से होगी शुरू,16 दिनों में 20 जिलों का करेंगे दौरा, तेजस्वी यादव भी होंगे साथ
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को बिहार के सासाराम जिले से 'वोटर अधिकार यात्रा' की शुरुआत करने जा रहे हैं। 16 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में तेजस्वी यादव भी उनके साथ होंगे।
- भारत
- 3 min read

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासत चरम पर है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज, 17 अगस्त 2025 को बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' की शुरुआत कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा प्रदेश में जारी SIR प्रक्रिया और 'वोट चोरी' के विरोध में हो रही है। यात्रा की शुरुआत सासाराम जिला से होगी। RJD नेता तेजस्वी यादव भी इस यात्रा में राहुल के साथ रहेंगे।
'वोट अधिकार यात्रा' बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी। मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी सुबह 10:30 बजे विशेष विमान से गया पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 11:05 बजे सासाराम के एसपी जैन कॉलेज पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सासाराम से सुवारा में राहुल गांधी और गठबंधन के अन्य नेताओं का जनसभा को संबोधन होगा। इसके बाद, शाम 4:30 बजे देहरी ऑन सोन के आंबेडकर चौक से यात्रा शुरू होगी।
लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई-तेजस्वी यादव
'वोट अधिकार यात्रा' 16 दिन में 20 जिलों से गुजरते हुए 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। राहुल और तेजस्वी के अलावा यात्रा में INDIA ब्लॉक के अन्य नेता भी शामिल होंगे। यात्रा शुरू होने से पहले तेजस्वी यादव ने अपने X हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ये लड़ाई अब सिर्फ चुनाव की नहीं बल्कि अब बिहार और बिहारियों के सम्मान, स्वाभिमान, अधिकार और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई बन चुकी है। "वोटर अधिकार यात्रा" का यह आंदोलन जन जन का जयघोष बन गया है! इस आंदोलन में सिर्फ बिहार के 14 करोड़ बिहारवासी ही नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ न्यायप्रिय जनता भावनात्मक रूप से हमारे आपके साथ जुड़ेगी और चलेगी।
16 दिन, 20 जिले 1300 किमी की वोट अधिकार यात्रा
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी यात्रा की विस्तृत जानकारी देते हुए X पर पोस्ट लिखा,
Advertisement
16 दिन
20+ ज़िले
1,300+ कि.मी.
हम वोटर अधिकार यात्रा लेकर जनता के बीच आ रहे हैं। यह सबसे बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार - ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की रक्षा की लड़ाई है। संविधान को बचाने के लिए बिहार में हमारे साथ जुड़िए।
Advertisement
तीन चरणों में होगी यात्रा
बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरने वाली इस यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना में होगा। वोट अधिकार यात्रा के दौरान बिहार की 50 विधानसभा सीटों को कवर करने की योजना है। राहुल गांधी की यात्रा तीन चरणों में होगी।
- पहला चरण: यात्रा सासाराम से शुरू होकर औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय और मुंगेर तक जाएगी।
- दूसरा चरण: यह भागलपुर से प्रारंभ होकर कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी और दरभंगा से होकर गुजरेगी।
- तीसरा चरण: यात्रा मुजफ्फरपुर से शुरू होकर सीतामढ़ी, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा होते हुए पटना में एक विशाल रैली के साथ समाप्त होगी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 August 2025 at 09:01 IST