बांकीपुर उपचुनाव: कैंडिडेट बदलने पर प्रशांत किशोर ने BJP को घेरा, कहा- भाजपा वाले डरे हुए हैं, इनके उम्मीदवार ही भाग गए; दूसरे वाले कितने दिन टिकेंगे...
बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार बनाया है। अब इस पर प्रशांत किशोर की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा डरी हुई है।
- भारत
- 4 min read

Prashant Kishor: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार उर्फ बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद सियासी बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। अब जनसुराज के संस्थापक और पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने इसे जनता के दबाव और भाजपा के घबराहट का परिणाम करार दिया।
प्रशांत किशोर का कहना है कि वो पहले ही कह चुके हैं कि जनबल के आगे कोई बल नहीं टिकता। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक भाजपा दूसरी पार्टियों के उम्मीदवारों पर केंद्रीय एजेंसियों का दबाव बनाकर उम्मीदवार बदलवाने का काम करती थी। मगर इस बार हालात ऐसे हैं कि उनका खुद का उम्मीदवार मैदान छोड़ भाग खड़ा हुआ।
BJP को प्रत्याशी नहीं मिल रहे- पीके
प्रशांत किशोर ने कहा, 'यह लोकतंत्र की ताकत है। जैसे ही लोग जाति, धर्म, पार्टी और नेता से ऊपर उठकर खड़े हुए, भाजपा जैसी पार्टी का उम्मीदवार यहां से भाग खड़ा हुआ। वह उस क्षेत्र से भाग खड़ा हुआ जिसे कल तक भाजपा का किला बताया जा रहा था। जिसके बारे में भाजपा वाले कह रहे थे कि अगर हम कुत्ते-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो वे चुनाव जीत जाएंगे। अब आज उन्हें वहां अपने प्रत्याशी नहीं मिल पा रहे हैं। प्रत्याशी भाग रहे हैं।'
भाजपा डरी हुई है- प्रशांत किशोर
उन्होंने आगे कहा, 'यह कोई प्रशांत किशोर की जनसुराज की ताकत नहीं है, क्योंकि यहां हमारा कोई संगठन नहीं है। मैं खुद जीवन में पहली बार चुनाव लड़ रहा हूं। हम कोई विधायक, मंत्री, सांसद भी नहीं हैं। लेकिन यहां की जनता खड़ी हो गई है। नवंबर 2025 बिहार की जनता को धोखा दिया गया था। जो बदलाव का नारा दिया गया था, जीतने के बाद उस पर कोई काम नहीं किया गया। काम करना तो छोड़िए, उल्टा लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। लोगों के राशन कार्ड से नाम काटे गए, सिलेंडर के दाम बढ़े हुए हैं, बरसात में नाले की सफाई तक नहीं हुई है। ऐसे में लोग इस बार उन सबका हिसाब करना चाहते हैं और उसका जवाब देना चाहते हैं। वो बकायदा दिखाई भी दे रहा है। यही भय भाजपा को डरा रहा है।'
Advertisement
'बस्ती से भी बदतर स्थिति में है बांकीपुर'
पीके ने आगे कहा, ‘हम देख रहे हैं कि भाजपा के प्रत्याशी ने लड़ाई शुरू होने से पहले ही मैदान छोड़ दिया। अब दूसरे वाले आए हैं, देखते हैं कितने दिन टिकते हैं। बांकीपुर, जो कि एक तरीके से पटना का दिल है। बांकीपुर का 7 प्रतिशत से भी ज्यादा इलाका आज भी बस्ती से भी बदतर स्थिति में है। और तथाकथित बेहतर इलाकों में अगर बारिश हो जाए तो सड़क, नाली और घर का अंतर मिट जाएगा। लोगों को देखने दीजिए कि कितना विकास हुआ है।’
'बीजेपी ने लोगों के समर्थन को गलत समझा'
उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों के समर्थन को गलत समझ लिया है। समर्थन सिर्फ इसलिए था क्योंकि लालू प्रसाद यादव के डरा था, जिसकी वजह से उन्हें वोट मिल रहा था। मगर अब उन्हें नया विकल्प मिल गया है। यह देखकर भाजपा के पैरों के नीचे से जमीन खिसक रही है।
Advertisement
बांकीपुर में बीजेपी ने बदला उम्मीदवार
बता दें कि बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने नामांकन दाखिल करने के महज एक दिन बाद यानी शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया था। अब उनकी जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट पर जनसुराज के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में हैं।
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होगा, जबकि वोटों की गिनती 3 अगस्त को की जाएगी। वहीं नामांक दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है।