Bihar: चुनाव से पहले बिहार में RJD को बड़ा झटका! PM मोदी के मंच पर दिखे तेजस्वी यादव की पार्टी के दो विधायक
PM Modi in Bihar: गयाजी में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राजद को निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में चाहे कांग्रेस हो या आरजेडी, इनकी सरकारों ने कभी जनता के पैसे का मोल नहीं समझा। इनके लिए जनता के पैसे का मतलब रहा है खुद की तिजोरी भरना।
- भारत
- 3 min read

PM Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के गयाजी दौर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गयाजी में 13,000 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा, "बिहार का तेज विकास केंद्र की एनडीए सरकार की एक प्रमुख प्राथमिकता है।" उन्होंने कहा कि बिहार अब व्यापक विकास के पथ पर अग्रसर है।
वहीं, इस दौरान बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव व आरजेडी को बड़ा झटका लगा है। जी हां, गयाजी में पीएम मोदी की रैली में प्रधानमंत्री के मंच पर राजद के दो विधायक भी मौजूद रहे। इनका नाम विभा देवी और प्रकाश वीर है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इन दोनों ने बिहार में चुनाव से पहले एनडीए का दामन थामने का फैसला किया है।
राजद विधायक विभा देवी और विधायक प्रकाश वीर
आज बिहार के गयाजी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में राजद विधायक विभा देवी और विधायक प्रकाश वीर भी दिखें। ये दोनों पीएम मोदी के मंच पर उपस्थित थे। विभा देवी की बात करें तो यह बिहार के नवादा से विधायक हैं। ये साल 2020 में राजद के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनी थीं। वहीं, प्रकाश वीर की बात करें तो ये राजौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। इन्होंने बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव में राजद के टिकट पर राजौली से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज कर विधायक बने थे।
कांग्रेस हो या आरजेडी, इनकी सरकारों ने कभी जनता के पैसे का मोल नहीं समझा - पीएम मोदी
गयाजी में पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राजद को निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में चाहे कांग्रेस हो या आरजेडी, इनकी सरकारों ने कभी जनता के पैसे का मोल नहीं समझा। इनके लिए जनता के पैसे का मतलब रहा है खुद की तिजोरी भरना। इसलिए कांग्रेस, आरजेडी की सरकारों में सालों-साल तक परियोजनाएं पूरी नहीं होती थीं। कोई योजना जितनी लटकती थी, ये उतना ही पैसा उसमें कमा लेते थे।
पीएम मोदी ने आगे कहा, "अब इस गलत सोच को भी एनडीए सरकार ने बदल दिया है। अब शिलान्यास के बाद कोशिश होती है जल्द से जल्द समयसीमा में उस काम को पूरा करने के लिए सफल प्रयास किया जाए।"