BREAKING: गिरफ्तारी के बाद 2 दिनों की ज्यूडिशियल कस्टडी में PMCH भेजे गए पप्पू यादव, हाई सिक्योरिटी में होगी निगरानी
पप्पू यादव को गिरफ्तारी के बाद 2 दिनों की ज्यूडिशियल कस्टडी में PMCH भेजा गया है।
- भारत
- 2 min read

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को 2 दिनों की ज्यूडिशियल कस्टडी में फिलहाल पीएमसीएच भेजा गया है। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी।
आपको बता दें कि कोर्ट ने हाई सिक्योरिटी निगरानी में पीएमसीएच में भर्ती होने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने की वजह से पीएमसीएच में कस्टडी में रखा जाएगा।
क्या है मामला?
पटना पुलिस ने शुक्रवार (6 फरवरी) रात पप्पू यादव को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी 31 साल पुराने एक मामले में हुई है। इस दौरान काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। पप्पू ने पुलिस अधिकारियों के सिविल ड्रेस में होने और खराब सेहत का हवाला देते हुए गिरफ्तारी का कड़ा विरोध जताया था।
सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तारी के बाद पहले उनको मेडिकल जांच के लिए IGIMS अस्पताल लाया गया था। यहां तबीयत बिगड़ने पर उन्हें PMCH शिफ्ट किया गया। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पप्पू यादव को स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते हुए देखा गया था।
Advertisement
एक घर पर कब्जा करने से जुड़ा है केस
मामला 1995 में पटना के एक घर पर कब्जा करने से जुड़ा है, जिसमें राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव किराए पर रहने गए थे। आरोप है कि किराए के घर में उन्होंने पहले अपना दफ्तर खोला, फिर उस पर कब्जा कर लिया। इसे लेकर मकान मालिक ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।
पटना के SP सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया, "1995 का एक मामला है जो पूर्ववर्ती IPC थी, BNS के स्थान पर उसके तहत 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी, इसके तहत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। यह गर्दनीबाग थाने का मामला है। इसमें न्यायालय द्वारा ट्रायल केस चल रहा था जिसमें सांसद को उपस्थित होना था लेकिन वे तय तारीख पर उपस्थित नहीं हुए थे। इस कारण उनकी गिरफ्तारी की जा रही है।"