अपडेटेड 8 March 2026 at 14:28 IST
पार्टी की टोपी पहनी, ललन सिंह का पैर छुआ...JDU में शामिल हुए नीतीश कुमार के बेटे निशांत, कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ किया वेलकम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार JDU में शामिल हुए। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका ग्रैंड वेलकम किया।
- भारत
- 3 min read

Nishant Kumar Joins JDU: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच उनके बेटे निशांत कुमार ने आज, 8 मार्च 2026 को आधिकारिक तौर पर जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम को पार्टी के भीतर एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
निशांत ने पटना स्थित पार्टी कार्यालय में जेडीयू की सदस्यता ली। इस दौरान जेडीयू कार्यालय में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जुटे। इस मौके पर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, JDU नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह और बिहार JDU अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद क्या बोले निशांत?
सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज मैंने जेडीयू की सदस्यता ले ली है। मेरे पिताजी ने राज्यसभा जाने का फैसला किया है। मैं उनके निर्णय को आदरपूर्वक स्वीकार करता हूं।
'पिता की तरह लोगों के दिलों में जगह बनाऊंगा'
उन्होंने आगे कहा कि मैं सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। आप सभी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। बिहार और देश के लिए मेरे पिता ने पिछले 20 सालों में जो किया है, मुझे उस पर गर्व है। मैं भी इसी तरह से लोगों के दिल में जगह बनाने की कोशिश करूंगा।
Advertisement
वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
निशांत कुमार ने सादगी भरे अंदाज में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान सभी ने उनका पार्टी में स्वागत किया और उनके राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बिहार के अगले डिप्टी सीएम होंगे निशांत!
जानकारी के मुताबिक, अब निशांत अपने पिता नीतीश कुमार की तरह ही अपनी सियासी यात्रा की शुरुआत चंपारण से करेंगे। नीतीश कुमार ने भी अपनी सभी यात्राएं चंपारण से ही शुरू की हैं। उन्हें उपमुख्यमंत्री पद का संभावित दावेदार भी माना जा रहा है। हालांकि इसे लेकर अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
Advertisement
कौन हैं निशांत कुमार?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पत्नी मंजू सिन्हा के बेटे निशांत कुमार का जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ था। अपने पिता की तरह ही निशांत भी पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने रांची के बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनयरिंग में ग्रेजुएशन पूरा कर डिग्री हासिल की। हालांकि इसके बाद उन्होंने राजनीति में आने की जल्दी नहीं दिखाई। वह लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहे। लेकिन बीते एक साल में ऐसे कई मौके आए जब उनकी सार्वजनिक जीवन में सक्रियता बढ़ने लगी। इसी के साथ उनके राजनीतिक जीवन में कदम रखने के कयास भी लगने लगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 March 2026 at 13:46 IST